विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधरोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम का हुआ आयोजन
रजौन/बांका, अंग भारत। ग्लोबल वार्मिंग के खतरे को देखते हुए प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार को विश्व पर्यावरण दिवस धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर जगह-जगह पौधरोपण एवं पौधवितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित संस्था हरित रजौन की ओर से विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रजौन बाजार के बस स्टैंड अवस्थित मदद जंक्शन पर कटहल के 201 पौधे राहगीरों, छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय लोगों के बीच वितरित करते हुए पर्यावरण संरक्षण का शपथ दिलाया गया। इस दौरान हरित रजौन के सदस्य कन्हैया लाल सिंह, डॉक्टर सत्यम कुमार, प्रियरंजन कुमार, सौरभ कुमार, रिशु कुमार, दिलीप मंडल सहित अन्य लोग उपस्थित थे। वहीं दूसरी ओर पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग बिहार सरकार के अपर मुख्य सचिव एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी बांका के निर्देश के आलोक में इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में भी पौधरोपण कार्य किए जाने की खबर है, जहां विद्यालय प्रधान के अलावे शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसी कड़ी में प्रखंड के कन्या मध्य विद्यालय ओड़हारा, मध्य सह उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोरामा सहित अन्य कई सरकारी विद्यालयों में उत्साह पूर्वक पौधरोपण कार्यक्रम किया गया, जहां विद्यालय प्रधान, शिक्षक, रसोइया एवं छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बता दें कि विद्यालय में ग्रीष्मावकाश रहने के बावजूद नर्सरी से पौधा लाकर विद्यालय प्रांगण में पौधरोपण कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय प्रधान व शिक्षकों के अलावे छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय के रसोइया का काफी सराहनीय सहयोग रहा, इस दौरान विद्यालय प्रांगण में न केवल पौधे का रोपण किया गया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया गया। इस अवसर पर कन्या मध्य विद्यालय ओड़हारा में महोगनी, अमरूद, नीम, अनार सहित अन्य पौधे का रोपण करते हुए शिक्षकों एवं छात्रों ने एकसाथ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक सुबोध कुमार, प्रणीता कुमारी, प्रदीप कुमार सिंह, छात्र आयुष कुमार के अलावे छात्रा शालू कुमारी एवं भावना कुमारी सहित अन्य उपस्थित थे।