डीएम सावन कुमार के निर्देश पर रात 11 बजे हुई अस्पतालों की जांच, एसडीएम और डीसीएलआर ने अलग-अलग अस्पतालों में परखी व्यवस्था
सुपौल,अंग भारत। स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत अब सिर्फ कागजों में नहीं, रात के सन्नाटे में भी परखी जा रही है। शनिवार देर रात जिलाधिकारी सुपौल सावन कुमार के निर्देश पर दो अस्पतालों का औचक निरीक्षण हुआ। एसडीएम त्रिवेणीगंज अभिषेक कुमार अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज पहुंचे। डीसीएलआर संस्कार रंजन ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छातापुर की व्यवस्था देखी। रात 11 बजे एसडीएम अभिषेक कुमार त्रिवेणीगंज अस्पताल पहुंचे। लेबर रूम में तीन महिला मरीज भर्ती थीं। तीन जीएनएम नर्सें ड्यूटी पर थीं। डॉक्टर सशिनंदन भी मौजूद मिले। मरीजों को रात 8 से 9 बजे के बीच भोजन दिया गया था। एक एंबुलेंस चालू हालत में थी, दूसरी मरम्मत में थी। एसडीएम ने मरीजों से बातचीत की। सफाई, दवा आपूर्ति और आपातकालीन व्यवस्था पर निर्देश दिए। उधर, डीसीएलआर संस्कार रंजन ने छातापुर पीएचसी का निरीक्षण किया। लेबर रूम में एक चिकित्सक, दो एएनएम और दो ममता कर्मी मौजूद थे। अस्पताल परिसर में दोनों एंबुलेंस चालकों और अटेंडेंट्स के साथ मौजूद थीं। मरीजों को भोजन मिल रहा था। रजिस्ट्रेशन काउंटर आपात कक्ष, शौचालय और जलापूर्ति की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।