कोलकाता,अंग भारत। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में नाबालिग से कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपित प्रभास मंडल की मंगलवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि क्राइम सीन दोबारा समझने के लिए उसे घटनास्थल पर ले जाया गया था। इसी दौरान उसने एक पुलिसकर्मी की बंदूक छीन ली, भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी। घायल हालत में उसे बारुईपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
क्राइम सीन रिक्रिएट के दौरान हुई घटना
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 12:45 बजे जांच अधिकारी प्रभास मंडल को सूरजपुर इलाके में उस जगह लेकर गए थे, जहां वारदात हुई थी। पुलिस का कहना है कि मौके पर पहुंचते ही प्रभास ने एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और वहां से भागने की कोशिश की। इस दौरान उसने एक राउंड फायरिंग भी की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
गोली लगने के बाद पुलिस तुरंत प्रभास मंडल को बारुईपुर अस्पताल लेकर पहुंची। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे मामले को लेकर पुलिस ने अपनी कार्रवाई का ब्यौरा जारी किया है। वहीं, इस मुठभेड़ को लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
रविवार को तालाब से मिला था किशोरी का शव
यह मामला रविवार को सामने आया था, जब सूरजपुर इलाके के एक तालाब से एक नाबालिग लड़की का शव बरामद हुआ था। आरोप है कि पहले किशोरी के साथ दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया गया। घटना के सामने आते ही इलाके में भारी नाराजगी फैल गई थी। स्थानीय लोगों ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया था।
सीसीटीवी और गवाहों के आधार पर हुई थी गिरफ्तारी
जांच के दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया था कि किशोरी को आखिरी बार प्रभास मंडल के साथ देखा गया था। पुलिस को इलाके के कुछ सीसीटीवी फुटेज भी मिले थे, जिनमें कथित तौर पर एक युवक के साथ किशोरी दिखाई दी थी। पुलिस ने जांच के आधार पर उस युवक की पहचान प्रभास मंडल के रूप में की और उसे गिरफ्तार किया। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पूछताछ में नहीं कर रहा था सहयोग
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान प्रभास मंडल लगातार जांच को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था। वह सही जानकारी नहीं दे रहा था। इसी वजह से जांच टीम उसे घटनास्थल पर लेकर गई थी, ताकि पूरे घटनाक्रम को दोबारा समझा जा सके और साक्ष्यों की पुष्टि की जा सके।
एक और आरोपी गिरफ्तार, चार लोग अब तक पकड़े गए
इस मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। विशेष कार्यबल (एसटीएफ), बारुईपुर स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने उत्तर 24 परगना के बशीरहाट इलाके से कबीर मोल्ला को गिरफ्तार किया है। इसके बाद इस मामले में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।इससे पहले प्रभास मंडल, आनंद सरदार और दिवाकर सरदार को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी थी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और अगर जांच में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।











