पीएम नरेंद्र मोदी और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी का फूंका पुतला, केंद्र सरकार पर साधा निशाना
खगड़िया/अंग भारत| रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और बाजार में सिलेंडर की किल्लत को लेकर मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित राज्यव्यापी आंदोलन के तहत खगड़िया जिला कांग्रेस कमेटी ने समाहरणालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
सड़क पर उतरे कांग्रेसी, निकाली विरोध रैली
जिला अध्यक्ष डॉ. अविनाश कुमार अविनाश के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जिला कार्यालय से जुलूस की शक्ल में निकले। यह रैली एनएसी रोड, स्टेशन रोड और राजेंद्र चौक होते हुए रेलवे फ्लाईओवर के रास्ते समाहरणालय पहुंची। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध जताया।
पुतला दहन कर जताया आक्रोश
समाहरणालय पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी का पुतला दहन किया। इस दौरान “महंगाई रोको”, “गैस संकट खत्म करो” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष डॉ. अविनाश कुमार ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आम जनता सुबह से दोपहर तक गैस सिलेंडर के लिए कतारों में खड़ी है, लेकिन सरकार और उनके मंत्री विपक्ष पर पैनिक फैलाने का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि रुपये की गिरती कीमत और गैस की किल्लत ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने साफ कहा कि यदि जल्द ही महंगाई और गैस संकट पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। इस विरोध प्रदर्शन में प्रदेश द्वारा प्रतिनियुक्त जिला प्रभारी मनोज शर्मा और डॉ. इंद्रदीप चंद्रवंशी भी मौजूद रहे।
कई नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में पूर्व जिला अध्यक्ष कुमार भानु प्रताप उर्फ गुड्डू पासवान, उपाध्यक्ष सूर्यनारायण वर्मा, प्रवक्ता अरुण कुमार अधिवक्ता सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इसके अलावा शोभाकांत चौधरी, अजीत शर्मा, सुभाष रत्न, राजीव कुमार रंजन, जनार्दन यादव, लाली किन्नर, फिरोज आलम, नवीन यादव, सन्नी कुमार, मनोज चौधरी, रौशन चंद्रवंशी, एकलव्य पटेल, रविंद्र चौरसिया, अवनी कुमार और राजा गुप्ता समेत कई अन्य नेता भी प्रदर्शन में शामिल रहे।इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराते हुए आम जनता की समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद की।










