धमदाहा,अंग भारत| धमदाहा नगर पंचायत के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से सोमवार को आयोजित सामान्य बोर्ड की बैठक में वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए 60 करोड़ 84 लाख रुपये का महत्वाकांक्षी बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य पार्षद रानी देवी ने की।इस बजट में बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और नगर के समग्र विकास पर विशेष जोर दिया गया है। कचरा प्रबंधन के लिए 5 करोड़ रुपये, आवास योजना के लिए 10 करोड़ रुपये और कंक्रीट सड़कों के निर्माण हेतु 5 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं, सड़क एवं नाला निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये तथा जल वितरण एवं नियमन प्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए 2.5 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।नगर को स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक बनाने के उद्देश्य से स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट लाइट के लिए 2 करोड़ रुपये, डस्टबिन की व्यवस्था के लिए 1 करोड़ रुपये तथा नगर सौंदर्यीकरण के लिए 30 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त अन्य विकास योजनाओं पर भी राशि खर्च की जाएगी।मुख्य पार्षद रानी देवी ने कहा कि यह बजट नगर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे आगामी एक वर्ष में कई योजनाएं धरातल पर उतरेंगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।उप मुख्य पार्षद मीणा कुमारी ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में नगर में विकास कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में विकास कार्यों को और गति मिलेगी।नगर कार्यपालक पदाधिकारी दिव्या मिश्रा ने जानकारी दी कि बैठक शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और सभी पार्षदों की मौजूदगी में बजट को मंजूरी दी गई। उन्होंने कहा कि बजट में शामिल योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में मुख्य रूप से विनय सिंह, विजय साह, दीपक कुमार, नंदन कुमार, कुमोद रजक, अन्नू कुमारी, अनुपम देवी, पूनम देवी, बुचिया देवी, मो. शम्सुद्दीन, जितेंद्र सिंह, मंजू देवी, बेबी देवी, नूतन देवी, सोनम देवी, संदीप कुमार सिंह, उर्मिला देवी सहित कई पार्षद उपस्थित रहे।










