फिल्म,अंग भारत। बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2: द रिवेंज बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के साथ ही फिल्म ने कमाई के नए रिकॉर्ड बनाने शुरू कर दिए और महज पांच दिनों में 500 करोड़ क्लब में शामिल होकर इतिहास रच दिया है।
पांचवें दिन भी बरकरार रही कमाई की रफ्तार
ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के पांचवें दिन यानी सोमवार को करीब 65 करोड़ रुपये का कारोबार किया। हालांकि वीकेंड के मुकाबले कमाई में थोड़ी गिरावट आई है, लेकिन इसके बावजूद फिल्म की पकड़ बॉक्स ऑफिस पर मजबूत बनी हुई है। इससे पहले तीसरे दिन फिल्म ने 113 करोड़ और चौथे दिन 114.85 करोड़ रुपये की जबरदस्त कमाई की थी।
कुल कलेक्शन ने पार किया 500 करोड़ का आंकड़ा
फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने महज पांच दिनों में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 519.12 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। वहीं वर्ल्डवाइड स्तर पर इसका ग्रॉस कलेक्शन 829.76 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। दर्शकों की भारी भीड़ और पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ फिल्म की सफलता में बड़ा योगदान दे रहे हैं।
फिल्म बनी निर्माताओं के लिए ‘नोट छापने की मशीन’
दर्शकों की जबरदस्त प्रतिक्रिया को देखते हुए यह फिल्म निर्माताओं के लिए किसी ‘नोट छापने की मशीन’ से कम साबित नहीं हो रही है। सिनेमाघरों में लगातार हाउसफुल शो चल रहे हैं, जिससे इसकी कमाई में लगातार इजाफा हो रहा है।
‘उस्ताद भगत सिंह’ की रफ्तार पड़ी धीमी
वहीं दूसरी ओर पवन कल्याण की फिल्म उस्ताद भगत सिंह को बॉक्स ऑफिस पर झटका लगा है। फिल्म ने पहले दिन 34.75 करोड़ रुपये की ओपनिंग ली थी, लेकिन इसके बाद कमाई में लगातार गिरावट देखी गई।
पांचवें दिन सिमटी कमाई
पांचवें दिन फिल्म ने केवल 1.96 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जिससे इसका कुल कलेक्शन 62.26 करोड़ रुपये तक पहुंच सका है। फिल्म में राशि खन्ना और श्रीलीला भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रही हैं, लेकिन इसके बावजूद फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में संघर्ष कर रही है।









