Founder – Mohan Milan

मार्कपुरम में भीषण सड़क हादसा: बस और ट्रक की टक्कर, 10 यात्रियों की जलकर मौत, दर्जनों घायल

आंध्र प्रदेश,अंग भारत। गुरुवार सुबह आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में एक भयानक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 10 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई और 20 से अधिक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तब हुआ जब एक निजी बस और तेज रफ्तार टिप्पर आमने-सामने टकरा गए और दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई।

बस और टिप्पर की जोरदार टक्कर

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह 6:00 से 6:30 बजे के बीच रायावरम गांव के पास हुआ। ‘हरिकृष्णा ट्रेवल्स’ की निजी बस तेलंगाना के निर्मल से आंध्र प्रदेश के नेल्लोर की ओर जा रही थी। पुलिस के अनुसार, बस मोड़ ले रही थी तभी सामने से आ रहे टिप्पर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस और टिप्पर तुरंत आग की चपेट में आ गए, जिससे यात्रियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।बस में करीब 40 यात्री सवार थे। हादसे में बस के पिछले हिस्से में बैठे यात्री आग की लपटों में फंस गए। बस के अगले हिस्से में बैठे लगभग 10 यात्री किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

मार्कपुरम के निजी अस्पतालों में घायल यात्रियों का इलाज किया जा रहा है। कुछ यात्रियों की स्थिति बेहद नाजुक बताई जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

मुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक ने जताया शोक

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों से स्थिति का जायजा लिया और घायलों को बेहतर चिकित्सा सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।स्थानीय विधायक कंदुला नारायण रेड्डी ने भी घटनास्थल का दौरा कर राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि हादसे में घायल यात्रियों को हर संभव मदद दी जा रही है।

पुलिस की जांच और सड़क सुरक्षा पर चिंता

पुलिस ने जनता से अपील की है कि हादसे वाले मार्ग से बचकर गुजरें और राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करें। अधिकारियों ने कहा कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए बस और टिप्पर के ड्राइवरों के बयान लिए जा रहे हैं और वाहन की तकनीकी जांच भी की जाएगी।यह हादसा राज्य में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता का विषय बन गया है, और विशेषज्ञों का कहना है कि तेज रफ्तार और सड़क नियमों की अवहेलना अक्सर ऐसे दर्दनाक हादसों का कारण बनती है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts