दो दिनों में सात गिरफ्तार, 274 बेटिकट यात्रियों से वसूला गया 1.45 लाख रुपये जुर्माना

कटिहार, अंगभारत। आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेल जिला कटिहार की पुलिस ने ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशनों पर विशेष जांच अभियान तेज कर दिया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 8 और 9 अक्टूबर 2026 को चलाए गए सघन जांच अभियान के दौरान 95.370 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। वहीं, विभिन्न मामलों में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा बिना टिकट यात्रा करने वाले 274 यात्रियों से कुल 1,45,660 रुपये जुर्माना वसूला गया।
रेल पुलिस के द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति  के अनुसार, पर्व-त्योहारों के दौरान दूसरे राज्यों से बड़ी संख्या में लोग ट्रेनों के माध्यम से बिहार आते हैं और त्योहार समाप्त होने के बाद वापस लौटते हैं। इस दौरान ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ जाती है, जिसका फायदा उठाकर असामाजिक और आपराधिक तत्व चोरी सहित अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने का प्रयास करते हैं। इसे देखते हुए रेल यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
स्टेशनों और ट्रेनों में बढ़ाई गई निगरानी
रेल जिला कटिहार के अंतर्गत आने वाले सभी रेलवे स्टेशनों, प्लेटफॉर्मों तथा गुजरने वाली ट्रेनों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। प्रमुख एवं संवेदनशील ट्रेनों में सुरक्षा बलों की ओर से नियमित गश्ती और चेकिंग की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों और लावारिस सामान पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिसम्मत कार्रवाई भी की जा रही है।
जीआरपी और आरपीएफ के बीच समन्वय
रेल यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए रेल जिला कटिहार के सभी रेल पुलिस उपाधीक्षकों, अंचल निरीक्षकों एवं रेल थानाध्यक्षों को रेलवे सुरक्षा बल के साथ समन्वय स्थापित कर लगातार छापेमारी एवं जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। अभियान के तहत बिना टिकट यात्रा करने वालों के साथ-साथ आपराधिक एवं असामाजिक तत्वों, अवैध शराब, मादक पदार्थों तथा अन्य अवैध सामानों की तस्करी पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है।रात्रि में गुजरने वाली ट्रेनों में एस्कॉर्ट दलों को विशेष ब्रीफिंग देकर सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के लिए तैनात किया जा रहा है। रेल पुलिस एवं रेलवे सुरक्षा बल के बीच बेहतर समन्वय बनाकर सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाया जा रहा है, ताकि यात्री निर्भीक होकर अपनी यात्रा पूरी कर सकें।
दो दिनों के अभियान में मिली सफलता
रेल पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, 8 एवं 9 अक्टूबर को चलाए गए अभियान के दौरान कुल 11 कांड प्रतिवेदित किए गए। इस दौरान 95.370 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई तथा सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त छह मोबाइल फोन बरामद किए गए। वहीं, बिना टिकट यात्रा करने वाले 274 यात्रियों से 1,45,660 रुपये जुर्माना वसूलने की प्रक्रिया पूरी की गई।रेल पुलिस ने पर्व-त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जांच, गश्ती एवं छापेमारी अभियान लगातार जारी रखने की बात कही है।
ReplyForward