बीआईटी ओपी क्षेत्र में हथियारबंद अपराधियों का तांडव, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
रांची,अंग भारत | राजधानी रांची के बीआईटी ओपी क्षेत्र में मंगलवार देर रात अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए दो पेट्रोल पंपों पर डकैती कर ली। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अपराधियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।
हथियार के बल पर कर्मियों को बनाया बंधक
जानकारी के अनुसार, करीब छह की संख्या में अपराधी बाइक और कार से पहुंचे थे। सबसे पहले वे ड्रीम प्वाइंट पेट्रोल पंप पर पहुंचे, जहां उन्होंने हथियार के बल पर कर्मचारियों को बंधक बना लिया। इसके बाद अपराधियों ने वहां से दो लाख रुपये से अधिक की राशि लूट ली और मौके से फरार हो गए।
दूसरे पेट्रोल पंप से भी लूटपाट
पहली वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी दूसरे पेट्रोल पंप पर पहुंचे, जहां से वे केवल दो हजार रुपये ही लूट सके। हालांकि, लगातार दो जगहों पर डकैती की इस घटना ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं और स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले को लेकर बीआईटी ओपी प्रभारी अजय कुमार दास ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। पेट्रोल पंपों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे अपराधियों की पहचान करने में मदद मिल सके।पुलिस ने बताया कि अपराधियों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
इलाके में बढ़ी दहशत
लगातार दो पेट्रोल पंपों पर हुई डकैती की इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग पुलिस से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।










