गुवाहाटी, अंग भारत। असम विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रचार अभियान को तेज कर दिया है। इसी क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रविवार को राज्य के दौरे पर पहुंचे हैं। उनका यह दौरा चुनावी दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां वे कई जनसभाओं और पार्टी कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
डिब्रूगढ़ में ‘मन की बात’ कार्यक्रम में सहभागिता
जानकारी के अनुसार, नितिन नवीन डिब्रूगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने मोहनबारी हवाई अड्डा परिसर में आयोजित प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भाजपा नेताओं के साथ सहभागिता की। इस दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
मार्घेरिटा और जोनाई में जनसभाओं पर फोकस
इसके बाद उनका अगला कार्यक्रम मार्घेरिटा विधानसभा क्षेत्र में निर्धारित है। यहां लीडो बाजार हाईस्कूल के खेल मैदान में आयोजित एक विशाल जनसभा में वे वर्तमान विधायक भास्कर शर्मा के समर्थन में जनता को संबोधित करेंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस सभा में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है।नितिन नवीन का कार्यक्रम यहीं समाप्त नहीं होता। वे जोनाई विधानसभा क्षेत्र के लिए भी रवाना होंगे, जहां जोनाई एचएस स्कूल के खेल मैदान में आयोजित सभा में वर्तमान विधायक भुवेन पेगु के पक्ष में चुनावी भाषण देंगे। इस दौरान वे केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखेंगे और भाजपा के पक्ष में समर्थन जुटाने की कोशिश करेंगे।
Read more…..असम में अमित शाह का तूफानी दौरा, आज तीन जगह रैलियां
गोगामुख में कार्यकर्ताओं को देंगे चुनावी मंत्र
अपने दौरे की तीसरी कड़ी में भाजपा अध्यक्ष गोगामुख पहुंचेंगे। यहां स्कील सेंटर में धेमाजी और लखीमपुर जिलों के पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इस बैठक का उद्देश्य जमीनी स्तर पर संगठन को और मजबूत करना तथा कार्यकर्ताओं में चुनावी ऊर्जा भरना है। रात्रि विश्राम के लिए उनका कार्यक्रम गोगामुख गेस्ट हाउस में निर्धारित है।
असम चुनाव में भाजपा ने झोंकी पूरी ताकत
उल्लेखनीय है कि असम विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा पूरी ताकत झोंक रही है। हाल ही में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी दो दिवसीय दौरे पर राज्य पहुंचे थे और कई महत्वपूर्ण बैठकों के साथ जनसभाओं को संबोधित किया। वहीं, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी चुनाव प्रचार को गति देने के लिए गुवाहाटी पहुंचे और विभिन्न क्षेत्रों में सभाएं कीं।आने वाले दिनों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई अन्य बड़े नेताओं की सभाएं प्रस्तावित हैं। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की लगातार सक्रियता यह संकेत देती है कि पार्टी इस चुनाव को बेहद गंभीरता से ले रही है और जीत सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।










