रजौन/बांका/अंग भारत। प्रखंड के धौनी स्थित प्रखंड संसाधन केंद्र में मंगलवार को ‘मेरे सपनों का भारत’ अभियान के तहत प्रखंड स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया, जिसका नेतृत्व एवं संचालन बीआरसी लेखा सहायक मोहम्मद कमरेज आलम ने किया। विद्यालय स्तर की प्रतियोगिता में सफलता प्राप्त कर पहुंचे प्रखंड के कुल 18 में से 15 उच्च एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने इसमें हिस्सा लेकर राष्ट्र निर्माण और अपने सपनों के भारत पर ओजस्वी विचार रखे। प्रतियोगिता के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए निर्णायक मंडली में राष्ट्रीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (सरस्वती विद्या निकेतन) धौनी के शिक्षक मोहम्मद तारिक अनवर और प्रोजेक्ट कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय धौनी-चकसपिया के शिक्षक सन्नी कुमार को शामिल किया गया था। कड़े मुकाबले के बाद निर्णायकों द्वारा तीन छात्राओं का चयन जिला स्तर के लिए किया गया, जिसमें उत्क्रमित उच्च विद्यालय उपरामा की नौवीं की छात्रा अंशु रानी, उत्क्रमित उच्च विद्यालय सिंहनान की बारहवीं की छात्रा श्रेयशी कुमारी तथा राष्ट्रीय उच्च विद्यालय धौनी की ग्यारहवीं की छात्रा रिया कुमारी शामिल हैं। सफल घोषित की गईं तीनों छात्राओं को बीआरसी परिवार द्वारा मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया तथा जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भी परचम लहराने के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। लेखा सहायक मो. कमरेज आलम ने बताया कि चयनित तीनों छात्राएं बुधवार (7 अक्टूबर) को बांका स्थित डायट में आयोजित जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में रजौन प्रखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। वहीं इस आयोजन को सफल बनाने में आईसीटी कोऑर्डिनेटर पूजा सिंह, अनुसेवी शैलेष कुमार सहित अन्य बीआरसी कर्मियों और सभी प्रतिभागी विद्यालयों से पहुंचे शिक्षक-शिक्षिकाओं की सराहनीय भूमिका रही।







