त्रिवेणीगंज/सुपौल/अंग भारत। बीते 20 मार्च को त्रिवेणीगंज प्रखंड में आए तेज आंधी-तूफान और असमय बारिश से रबी फसलों को भारी नुकसान हुआ है।खासकर गेहूं और मक्का की खड़ी फसल बर्बाद होने से किसान गंभीर संकट में हैं। फसल क्षति मुआवजे की मांग को लेकर छात्र राजद का एक शिष्टमंडल सोमवार को अनुमंडल पदाधिकारी से मिला और ज्ञापन सौंपा। शिष्टमंडल का नेतृत्व छात्र राजद के जिला प्रधान महासचिव नितीश यादव ने किया। उन्होंने बताया कि अचानक आए खराब मौसम ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। कई जगहों पर फसल पूरी तरह गिर चुकी है, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों का जल्द सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके। साथ ही आपदा को देखते हुए तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की भी अपील की गई। इस मौके पर छात्र राजद प्रखंड अध्यक्ष रमेश कुमार, केशव कुमार, गोलू कुमार, रूपेश कुमार, नगर अध्यक्ष सह वार्ड पार्षद अखिलेश कुमार आनंद और नीरज समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।










