Founder – Mohan Milan

राता ठाकुरबाड़ी में श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ: श्रद्धालुओं की उमड़ी भारी भीड़, भक्ति में डूबा क्षेत्र

छठे दिन किशोरी नेहा तिवारी के प्रवचनों ने बांधा समां, भजनों से गुंजायमान हुआ पंडाल

फुल्लीडुमर/बांका/अंग भारत | प्रखंड क्षेत्र के राता गांव स्थित प्रसिद्ध ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर इन दिनों पूरी तरह भक्तिमय माहौल में सराबोर है। यहां आयोजित अखंड रामचरितमानस पाठ एवं श्रीमद्भागवत महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ रहा है। दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु कथा स्थल पर पहुंचकर भक्ति रस में लीन हो रहे हैं। पंडाल में हर ओर भगवान के जयकारों की गूंज से वातावरण आध्यात्मिक बना हुआ है।

कथा वाचिका के प्रवचन ने बांधा समां

कथा यज्ञ के छठे दिन वृंदावन से आईं प्रसिद्ध कथा वाचिका किशोरी नेहा तिवारी ने अपने प्रभावशाली प्रवचनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने महाराजा दक्ष, शिव-सती विवाह, महायज्ञ विध्वंस, कृष्ण-कुंती संवाद, राजा परीक्षित और कलयुग के वास जैसे कई महत्वपूर्ण प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया। उनके सरल और भावपूर्ण शब्दों ने श्रोताओं के मन को गहराई से प्रभावित किया।

भक्ति और आस्था का दिया संदेश

अपने प्रवचन में उन्होंने कहा कि भगवान के प्रति अटूट विश्वास और आस्था ही जीवन को सार्थक बनाती है। उन्होंने लोगों को धर्म, भक्ति और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।कथा के दौरान प्रस्तुत किए गए मधुर भजन और भक्ति गीतों से पूरा पंडाल गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर झूमते नजर आए। विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली, जो पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ कार्यक्रम में शामिल हो रही हैं।

गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति

इस अवसर पर समाजसेवी गोपाल सिंह, आयोजन समिति के अध्यक्ष चंद्र मोलेश्वर सिंह, सचिव शिव शंकर सिंह, संयोजक कौशल किशोर सिंह उर्फ राजा, प्रवीण सिंह, अनिल सिंह, विवेकानंद विवेक, उपाध्यक्ष विजेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दिलीप कुमार ललन द्वारा किया गया।आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि कथा ज्ञान यज्ञ में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में ग्रामीणों एवं समिति के सदस्यों का सराहनीय योगदान मिल रहा है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts