सुपौल,अंग भारत| जिले में स्थापित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट से तैयार प्रोसेस्ड प्लास्टिक के प्रभावी उपयोग एवं फॉरवर्ड लिंकेज को सुनिश्चित करने को लेकर सोमवार को विस्तृत बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार ने की।बैठक में जिले में प्लास्टिक कचरा प्रबंधन के तहत तैयार किए जा रहे प्रोसेस्ड प्लास्टिक के अधिकतम उपयोग तथा विभिन्न विभागों के माध्यम से इसके प्रभावी फॉरवर्ड लिंकेज को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान प्रोसेस्ड प्लास्टिक के उपयोग की संभावनाओं, संबंधित विभागों के स्तर पर इसकी आवश्यकता तथा उपलब्ध सामग्री के बेहतर उपयोग से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में ग्रामीण कार्य विभाग के बीरपुर, त्रिवेणीगंज एवं सुपौल प्रमंडल के कार्यपालक अभियंताओं के साथ-साथ पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता भी उपस्थित रहे। अधिकारियों के साथ प्रोसेस्ड प्लास्टिक को सड़क निर्माण एवं अन्य उपयुक्त कार्यों में उपयोग किए जाने तथा इसके लिए आवश्यक समन्वय पर चर्चा की गई।
बैठक में निदेशक, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (DRDA) एवं जिला समन्वयक भी मौजूद रहे। उप विकास आयुक्त ने संबंधित विभागों को प्रोसेस्ड प्लास्टिक के अधिकतम उपयोग तथा उसके प्रभावी फॉरवर्ड लिंकेज के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट से प्राप्त प्रोसेस्ड प्लास्टिक का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने तथा इसके फॉरवर्ड लिंकेज की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक का उद्देश्य प्लास्टिक कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन के साथ-साथ तैयार सामग्री के उपयोग को बढ़ावा देना और जिले में प्लास्टिक कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना रहा।







