Founder – Mohan Milan

सुपौल सदर अस्पताल में महिला की मौत,परिजनों ने डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का लगाया आरोप

बिहार,अंग भारत। सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में बुधवार देर शाम एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।

हल्की शिकायत के बावजूद नहीं मिली तुरंत मदद

मृतका किशनपुर थाना क्षेत्र के मोधरा राजपुर पंचायत, वार्ड नंबर 4 निवासी स्वर्गीय मोहम्मद जहूर की पत्नी शयरून निशा थीं। परिजनों के अनुसार, महिला को हल्की उल्टी और सीने में दर्द की शिकायत थी, जिसके बाद उसे आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया।

डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप

परिजन का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद भी डॉक्टर ने तुरंत इलाज शुरू नहीं किया। चिकित्सक अपनी कुर्सी से नहीं उठे और मरीज के पुराने पर्चे (पुर्जे) की मांग करने लगे। जब तक परिजन पुराने कागजात लेकर लौटे, तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। इस घटना से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया और चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल उठाए।

पुलिस और जनप्रतिनिधियों ने किया हालात पर काबू

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि भी अस्पताल पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाकर स्थिति को शांत किया। काफी मशक्कत के बाद माहौल नियंत्रित किया गया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव को परिजनों को सौंप दिया, जिसे अंतिम संस्कार के लिए घर ले जाया गया।

अस्पताल प्रशासन और जांच

इस घटना के बाद सदर अस्पताल की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजन दोषी डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, वहीं प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts