ट्रक ओवरटेक करने के दौरान हादसा: 28 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल, बांका रेफर
बौंसी/अंगभारत। बौंसी में तेज रफ्तार और लापरवाही एक युवक पर भारी पड़ गई। ओवरटेक के दौरान हुई टक्कर में 28 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार गुड़िया मोड़ निवासी अब्दुल इमाम खान का 28 वर्षीय पुत्र बिट्टू खान अपनी बाइक से बौंसी की ओर से घर लौट रहा था। इसी दौरान उसने आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ओवरटेक के दौरान बाइक ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तुरंत बौंसी रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. उत्तम कुमार ने प्राथमिक उपचार किया। युवक की हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर सड़क पर सावधानी और सुरक्षित ड्राइविंग की जरूरत को रेखांकित किया है।

Mohan Milan