बहुरंगी होंगे कसरैया धार और शहर के प्रमुख पार्क,सदर विधायक ने विधानसभा में उठाई पर्यटन और विकास की मांग
खगड़िया/अंग भारत| खगड़िया की अपनी अनुपम छटा और ऐतिहासिक महत्व के लिए प्रसिद्ध कसरैया धार,चित्रगुप्तनगर स्थित चिल्ड्रेन पार्क और दाननगर स्थित सरदार पटेल पार्क अब बहुरंगी और आकर्षक स्थल बनने की राह पर हैं। यह जानकारी सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने बुधवार को विधानसभा में शून्यकाल के दौरान सरकार के समक्ष रखी गई मांगों के संदर्भ में दी। विधायक बबलू कुमार मंडल ने सदन में कहा कि कसरैया धार को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने की आवश्यकता है। उन्होंने जलकुंभी से पानी की सफाई, बोटिंग की व्यवस्था और होटल-मोटल जैसी ठहरने की सुविधाओं को लेकर सदन में सवाल उठाए। साथ ही, चित्रगुप्तनगर के चिल्ड्रेन पार्क को विस्तारित करने की मांग भी उन्होंने सदन में रखी। उन्होंने बताया कि पार्क के सामने पर्याप्त जमीन उपलब्ध है, जहां इसका विस्तार किया जा सकता है। विधायक ने दाननगर स्थित पटेल पार्क को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस बनाने की भी मांग की। इसके साथ ही वहां सरदार बल्लभभाई पटेल की आदमकद प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव भी उन्होंने विधानसभा में रखा। विधायक ने बताया कि इस बार सदन में उन्होंने कई लोक महत्व के मामले उठाए हैं, जिन्हें सरकार ने सूचीबद्ध करने का काम शुरू कर दिया है। उम्मीद है कि अगले वित्तीय वर्ष तक इन सभी परियोजनाओं को कार्यसूची में शामिल कर कार्य पूरा किया जाएगा, जिससे आम लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि वे खगड़िया के विकास के प्रति सजग हैं और इसमें कोई कमी नहीं छोड़ेंगे। विकास के हर पहलू पर उनकी पैनी नजर बनी हुई है। जरूरत पड़े तो वे स्वयं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलकर खगड़िया के विकास के लिए विशेष आग्रह पत्र सौंपेंगे।

Mohan Milan