रेलवे ट्रैक पर मिला अज्ञात शव, ट्रेन से कटकर मौत की आशंका
पुल संख्या 86 के पास मिला शव, पहचान में जुटी पुलिस
मुरलीगंज/मधेपुरा/अंग भारत। रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना सुबह करीब 3:00 से 4:00 बजे के बीच की बताई जा रही है। ग्रामीणों ने ट्रैक के पास शव देख तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि किसी यात्री की चलती ट्रेन से गिरकर मौत हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि युवक संभवतः ट्रेन में चढ़ने के दौरान फिसल गया होगा, जिससे वह ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसका शरीर कुछ दूर तक घसीटता चला गया। मृतक के शरीर का निचला हिस्सा स्टेशन से पूरब स्थित पुल संख्या 86 के समीप पाया गया। स्थानीय लोगों ने सहरसा से पूर्णिया की ओर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन से दुर्घटना की आशंका व्यक्त की है। हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। मुरलीगंज थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आसपास के थानों को सूचना देकर पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।

Mohan Milan