बिहार

शंभूगंज में ज्वेलरी दुकानदार के घर डाका, लाखों की संपत्ति की लूट

शंभूगंज/बांका,अंगभारत। थाना क्षेत्र के नहर मोड़ से आगे  आरए डिग्री महाविद्यालय के समीप सोमवार की देर रात हथियार से लैस नकाबपोश बदमाशों ने ज्वेलरी दुकानदार राजा साह के घर धावा बोलकर लाखों रुपये की संपत्ति लूट लिया।विरोध करने पर गृहस्वामी के साथ मारपीट भी की गयी।घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। क्षेत्र के कुर्मा पंचायत के गढ़ी कुर्मा  गांव निवासी पीड़ित ज्वेलरी दुकानदार राजा साह ने बताया कि शंभूगंज बाजार में आरती ज्वेलर्स नाम का दुकान चलाते है। वहीं शंभूगंज आर ए डिग्री कालेज के समीप मकान बनाकर परिजनों के साथ रहते है। पिता कुनकुन साह आंखों के मोतियाबिंद का आपरेशन कराने नेपाल में है।बताया कि सोमवार रात करीब दो बजे पांच की संख्या में नकाबपोश बदमाश पड़ोसी अजय साह के घर की छज्जा पर चढ़कर उनके घर में प्रवेश कर गया।उस समय परिवार के सभी सदस्य रोज की तरह भोजन कर सो रहे थे। पीड़ित राजा साह ने बताया कि घर में घुसते ही बदमाशों ने मारपीट शुरू कर दिया और हथियार के बल पर परिवार को कब्जे में ले लिया। बदमाशों ने करीब 15 मिनट तक घर का ताला तोड़कर सभी सामानों को खंगाला।इस दौरान 10 हजार रुपये नगद सहित लगभग पांच लाख रुपये के आभूषण लूट लिया। घर से निकलते समय बदमाशों ने राजा साह की मां नूना देवी के कान की बाली और पत्नी सरस्वती कुमारी के गले से आभूषण भी छीन लिया।घटना की सूचना मिलते ही पुनि सह थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की।सूचना पर पुलिस अधीक्षक बांका उपेंद्रनाथ वर्मा एवं एसडीपीओ अमर विश्वास भी घटनास्थल पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिये है।इस घटना में पीड़ित राजा ने अज्ञात के खिलाफ थाना में शिकायत दर्ज कराया है।एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा के द्वारा बताया गया कि  एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर अविलंब बदमाशों की गिरफ्तारी और घटना की शीघ्र खुलासे का निर्देश दिया गया है।पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर रही है।जिसमें पुलिस ने बाजार के दो संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिये हिरासत में लिया है। घटना का विज्ञानी जांच करने के लिये पुलिस द्वारा भागलपुर से एफएसएल एवं डाग स्क्वायड टीम को बुलाया गया। फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से जगह – जगह नमूने एकत्रित किया। पूछने पर बताया कि लैब में जांच के बाद पता चलेगा।पुनि सह थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने बताया कि कुछ संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिये हिरासत में लिया गया है।जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जायेगा।