कदाचारमुक्त माहौल में प्रारंभिक विद्यालयों की वार्षिक मूल्यांकन परीक्षा शुरू
रजौन/बांका/अंग भारत। प्रखंड के सभी 180 सरकारी प्रारंभिक विद्यालयों में गुरुवार से शैक्षणिक सत्र 2025-26 की वार्षिक मूल्यांकन परीक्षा शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त माहौल में शुरू हो गई। 12 मार्च से शुरू हुई यह परीक्षा आगामी 19 मार्च तक चलेगी, जिसमें 13 और 15 मार्च को अवकाश रहेगा। परीक्षा का आयोजन दो पालियों में किया जा रहा है। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक निर्धारित है। मूल्यांकन प्रक्रिया के तहत कक्षा 1 और 2 के बच्चों का परीक्षा पूरी तरह मौखिक ली जा रही है, जबकि कक्षा 3 से 8 तक के छात्र लिखित परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा के पहले दिन प्रथम पाली में कक्षा 3 से 8 के छात्रों ने पर्यावरण अध्ययन एवं सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा दी। वहीं दूसरी पाली में कक्षा 1 और 2 के बच्चों का हिंदी व उर्दू विषय का मौखिक मूल्यांकन संपन्न हुआ। बीईओ सोयम चक्रपाणि कनिष्क ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी विद्यालय प्रधानों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बीआरसी लेखा सहायक मोहम्मद कमरेज आलम ने बताया कि पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रखंड स्तर पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक विद्यालय के केवल वरीय एवं प्रधान शिक्षक को छोड़कर बाकी सभी शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति दूसरे विद्यालयों में ‘वीक्षक’ के रूप में की गई है, ताकि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और अनुशासित वातावरण में संपन्न हो सके।

Mohan Milan