बिहार

बांका के दो लाल ने यूपीएससी में लहराया परचम

बांका,अंगभारत। शुक्रवार को घोषित परिणाम में बांका जिले दो लाल ने यूपीएससी की परीक्षा में सफलता हासिल की है। सफल छात्रों में जयपुर के कोल्हासार के एक युवक और अमरपुर के गोपालपुर गांव के एक युवक शामिल हैं। जयपुर थाना क्षेत्र के कोल्हासार पंचायत के कोल्हासार गांव निवासी चिरंजीवी कुमार ने यूपीएससी की परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। उनके इस सफलता से कोल्हासार में खुशी का माहौल है। पिता देवनारायण यादव प्रोन्नत मध्य विद्यालय झिलसी में प्रभारी प्रधानाध्यापक हैं जबकि माता उर्मिला देवी गृहिणी हैं। चिरंजीवी कुमार तीन भाई बहन हैं।  दूसरे प्रयास में 755 वां रैंक लाकर सफलता हासिल की। उन्होंने बताया कि दशम की परीक्षा अद्बैत मिशन स्कूल शिवधाम से 2०18 में, बारहवीं की परीक्षा 2०2० में रामकृष्ण मिशन विद्यापीठ देवघर व ग्रेजुएशन हंसराज कॉलेज दिल्ली यूनिवर्सिटी से 2०23 में पास किया था। उसके बाद यूपीएससी की तैयारी ऑन लाईन के माध्यम से की थी। इधर अमरपुर प्रखंड के गोपालपुर गांव निवासी प्रणय प्रसून ने अपने दूसरे प्रयास में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में सफलता हासिल कर अपने माता-पिता, गांव, अमरपुर प्रखंड तथा बांका जिले का नाम रोशन किया है। प्रणय के पिता अजय कुमार शर्मा, जवाहर नवोदय विद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। पिता बताते हैं कि उनका पुत्र प्रणय बचपन से ही पढ़ाई में काफी मेधावी रहा है। इसी कारण उनका चयन जवाहर नवोदय विद्यालय, मधुबनी में हुआ। वर्ष 2०11 में मैट्रिक तथा वर्ष 2०13 में प्लस टू की परीक्षा अच्छे अंकों से उत्तीर्ण की। इसके बाद उनका चयन आईआईटी खड़गपुर में हुआ, जहां उन्होंने वर्ष 2०13 से 2०18 तक बी-टेक एवं एम-टेक की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रणय ने बीपीएससी और यूपीएससी की तैयारी शुरू की। तैयारी के दौरान उन्होंने गणित विषय के छात्रों को कई महीनों तक ऑनलाइन पढ़ाने का कार्य भी किया। वर्ष 2०24 में उन्होंने बीपीएससी परीक्षा पास कर ली और राजस्व पदाधिकारी के पद पर चयनित हुए। वर्तमान में वह पटना सचिवालय के भूमि एवं राजस्व विभाग में राजस्व पदाधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। नौकरी के साथ-साथ उन्होंने यूपीएससी की तैयारी जारी रखी और सफलता हासिल की।