बिहार

शुक्रवार को माहे रमजान की अलविदा की हुई नमाज अदा

चान्दन/बांका/अंग भारत। बांका जिले के चान्दन प्रखंड में  पवित्र माहे रमज़ान के आखिरी जुमे पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पूरे अकीदत और एहतराम के साथ अलविदा की नमाज अदा की।
शुक्रवार को चान्दन प्रखंड के चान्दन, पहाड़पुर, जिरोपहरि, सरकंडा, सुइयां, मझलाटिला, कुरूमटाड़, बड़फेरा, बलसारा, झिलुवा और जेरुआ सहित कई गांवों की मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही लोग नए लिबास पहनकर और खुशबू लगाकर मस्जिदों की ओर जाने लगे।नमाज का समय होते ही मस्जिदों में नमाजियों की लंबी कतारें लग गईं और सभी ने बड़े अदब और एहतराम के साथ अलविदा की नमाज अदा की। कई जगह मस्जिदों में जगह कम पड़ने पर नमाजियों ने बाहर भी सफ बनाकर नमाज अदा की।अलविदा की नमाज को लेकर गांव और मोहल्लों में विशेष साफ-सफाई का भी ध्यान रखा गया था। नमाज के बाद बुजुर्गों, नौजवानों और बच्चों ने देश में अमन-चैन, तरक्की और भाईचारे के लिए दुआ मांगी।अलविदा की नमाज के साथ ही रमज़ान का पवित्र महीना अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है और अब लोग ईद-उल-फितर के पर्व की तैयारियों में भी जुट गए हैं।