Founder – Mohan Milan

शॉर्ट सर्किट से चार घरों में लगी आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख

आग की चपेट में आने से एक व्यक्ति झुलसा, एक बकरी और बकरी के दो बच्चे की मौत

पिपरा,अंग भारत| थाना क्षेत्र के निर्मली पंचायत स्थित बेला नगर वार्ड नंबर 3 में मंगलवार की देर रात बिजली के शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और अलग-अलग परिवारों के चार घरों को अपनी चपेट में ले लिया। अगलगी की इस घटना में पिंटू मंडल, मंटू मंडल, बिंदेश्वरी मंडल और हरेराम शर्मा के घर में रखा घरेलू सामान, अनाज, कपड़े, फर्नीचर, आवश्यक कागजात, नगदी समेत लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। वहीं आग की चपेट में आने से एक व्यक्ति झुलस गया, जबकि एक बकरी और दो बकरी के बच्चों की जलने से मौत हो गई।गृहस्वामी पिंटू मंडल ने बताया कि मंगलवार की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद घर में सो गए थे। इसी दौरान अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से घर में आग लग गई। आग की गर्मी महसूस होने पर उनकी नींद खुली तो घर में आग की लपटें दिखाई दीं। उन्होंने शोर मचाकर घर में सो रहे परिवार के अन्य सदस्यों को जगाया और सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान घर में बंधे बछड़े को बाहर निकालने के प्रयास में वह भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। परिवार के लोगों की जान बच गई, लेकिन घर में रखा अधिकांश सामान बाहर नहीं निकाला जा सका।शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि घर के पीछे लगे करीब दर्जनों हरे पेड़ भी इसकी चपेट में आकर झुलस गए। पिंटू मंडल के अनुसार घर में रखा बर्तन, बक्सा, चौकी, गेहूं, चावल, लकड़ी का फर्नीचर, आवश्यक कागजात और करीब 20 हजार रुपये नकद समेत अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।
वहीं मंटू मंडल ने बताया कि अगलगी में घर में रखे करीब 20 हजार रुपये नकद, सात बकरियां, दो क्विंटल गेहूं, चौकी, कुर्सी, बक्से में रखे कपड़े और जमीन से संबंधित महत्वपूर्ण कागजात जलकर नष्ट हो गए।बिंदेश्वरी मंडल ने बताया कि उनके घर में रखे करीब एक क्विंटल चावल, पांच क्विंटल गेहूं, दो दर्जन बकरियां, कपड़े, चौकी, बर्तन तथा बक्से में रखा पटुवा बेचकर प्राप्त करीब 30 हजार रुपये नकद भी आग में जलकर राख हो गए।बताया गया कि पिंटू मंडल, मंटू मंडल और बिंदेश्वरी मंडल के घर में आग लगने के बाद पश्चिम दिशा में सटे हरेराम शर्मा के घर को भी आग की तेज लपटों ने अपनी चपेट में ले लिया। हरेराम शर्मा ने बताया कि उनके घर में रखा करीब दो क्विंटल पटुवा, चौकी, कपड़े, कुर्सी और मवेशियों के लिए रखा भूसा जलकर राख हो गया। वहीं आग में एक बकरी और दो बकरी के बच्चों की जलने से मौत हो गई।पीड़ित परिवारों का आरोप है कि आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड की टीम को दी गई थी, लेकिन टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी। ग्रामीणों के प्रयास से आग पर काबू पाया गया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आसपास के कई अन्य घर भी इसकी चपेट में आ सकते थे।अगलगी की घटना की जानकारी पिपरा अंचलाधिकारी आकांक्षा कुमारी और थाना अध्यक्ष किशोर कुमार को भी दी गई। सीओ आकांक्षा कुमारी ने बताया कि घटना की जांच के लिए राजस्व कर्मचारी को स्थल पर भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट और पीड़ितों से आवेदन प्राप्त होने के बाद सरकार के प्रावधान के अनुसार मिलने वाली सहायता एवं मुआवजा राशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts
App Icon