मुरलीगंज, मधेपुरा,अंग भारत| मुरलीगंज झील चौक बेंगा पुल पर बुधवार को महागठबंधन कार्यकर्ताओं में पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह एवं मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन करते हुए रोषपूर्ण प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओ ने जमकर नारेबाजी की नेताओं ने वोट चोर गद्दी छोड़, ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो के नारे लगाए।नेताओं ने कहा कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) तक सीमित नहीं हैं। इनसे भारत निर्वाचन आयोग के कामकाज और उसकी संस्थागत विश्वसनीयता को लेकर भी गंभीर चिंताएं सामने आती हैं। ये मुख्य चुनाव आयुक्त के पद की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं और इस पद की विश्वसनीयता प्रभावित हुई है। तीन चुनाव आयुक्तों में से दो ने कम से कम 14 मौकों पर मतदाता पंजीकरण, नाम हटाने और नाम बहाल करने तथा एसआईआर के संचालन से संबंधित फैसलों पर आपत्तियां दर्ज की हैं। उन्होंने अपनी सहमति के बिना लिए जा रहे फैसलों को लेकर भी गंभीर चिंताएं जताई हैं।निर्वाचन आयोग की विश्वसनीयता और स्वतंत्रता पहले कभी इतनी कमजोर नहीं रही। ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटाया जाए। पुतला दहन कार्यक्रम का नेतृत्व
राजद के प्रदेश महासचिव डॉक्टर मनोज कुमार यादव, पूर्व मुखिया एवं राजद वरीय नेता मनोज यादव, प्रखंड अध्यक्ष इरफान अहमद, भाकपा के वरीय नेता अनिल भारती, रंजीत वर्मा, उमाशंकर मुन्ना आदि कर रहे थे। इस दौरान राजद नगर अध्यक्ष सुशील यादव, युवा राजद के जिला अध्यक्ष अनिता कुमारी, राजद नेता उमेश यादव, युवा कांग्रेस नेता अमित कुमार यादव, धर्मेंद्र यादव, राजकुमार यादव, राजीव कुमार यादव सहित महागठबंधन कार्यकर्ता शामिल थे।








