पूर्णिया,अंग भारत। कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. रजनीश रंजन ने गुरुवार को पूर्णिया से ‘कोशी स्नातक मतदाता दर्शन यात्रा’ की शुरुआत की। इससे पहले उन्होंने 5 अक्टूबर को जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया था। नामांकन पत्र स्वीकृत होने के बाद उन्होंने स्नातक मतदाताओं से सीधे संवाद के उद्देश्य से यह यात्रा शुरू की है।यात्रा की शुरुआत के मौके पर डॉ. रजनीश रंजन ने कहा कि उनका लक्ष्य कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एक-एक स्नातक मतदाता तक पहुंचना और उनसे सीधे संवाद करना है। उन्होंने कहा, “लोकतंत्र में अगर कोई भगवान है तो उसका नाम मतदाता है।” उन्होंने कहा कि मतदाताओं के बीच जाकर उनका आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद ही यह यात्रा आगे बढ़ेगी। उन्होंने दावा किया कि इससे पहले भी वह क्षेत्र के करीब 40 प्रतिशत मतदाताओं के संपर्क में रह चुके हैं।डॉ. रंजन ने बताया कि यात्रा के दौरान प्रत्येक जिले के प्रखंडों में जाकर स्नातक मतदाताओं से संवाद किया जाएगा। प्रतिदिन स्थानीय मीडिया के साथ बातचीत के बाद विभिन्न स्थानों पर सभाएं आयोजित कर अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचने का प्रयास होगा। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य केवल समर्थन मांगना नहीं, बल्कि मतदाताओं की समस्याओं और अपेक्षाओं को सीधे समझना भी है।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 9 अक्टूबर को खगड़िया और नौगछिया, 10 अक्टूबर को कटिहार, 11 अक्टूबर को भागलपुर, 12 अक्टूबर को बांका, 13 अक्टूबर को जमुई, 14 अक्टूबर को शेखपुरा, 15 अक्टूबर को लखीसराय, 16 अक्टूबर को मुंगेर, 17 अक्टूबर को सुपौल, 18 अक्टूबर को मधेपुरा, 19 अक्टूबर को किशनगंज, 20 अक्टूबर को सरायगढ़ और 21 अक्टूबर को सहरसा में यात्रा प्रस्तावित है।डॉ. रंजन ने वर्तमान एमएलसी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में सदन में पूर्णिया का नाम तक नहीं लिया गया और स्नातक मतदाताओं के हित में अपेक्षित काम नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान वर्तमान एमएलसी के कार्यों का ब्योरा मतदाताओं के सामने रखा जाएगा। साथ ही जन सुराज के प्रत्याशी के रूप में जीत मिलने पर प्रत्येक जिले में किए जाने वाले कार्यों और अब तक हुए कार्यों की जानकारी भी दी जाएगी।विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि स्नातक मतदाताओं के सामने बड़े-बड़े दावे करने वाले नेताओं को पहले अपने क्षेत्र और अपने लोगों के लिए किए गए कार्यों का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रमों से पोस्टर हटाए जाने की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जब नेता अपने ही क्षेत्र और अपने लोगों के बीच स्थिति नहीं संभाल पा रहे हैं तो वे स्नातक मतदाताओं के हित और क्षेत्र के विकास की बात कैसे कर सकते हैं।इस दौरान जन सुराज की ओर से स्नातक और शिक्षक मतदाताओं को लेकर कई घोषणाओं को भी दोहराया गया। कहा गया कि शिक्षकों के सम्मान और वेतनमान के मुद्दे को प्राथमिकता दी जाएगी तथा लोकसभा चुनाव से पहले शिक्षकों को सातवां वेतनमान दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। साथ ही स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और 10 हजार पढ़े-लिखे बेरोजगार स्नातकों को रोजगार दिलाने की जिम्मेदारी जन सुराज द्वारा लेने की बात कही गई।यात्रा के दौरान प्रदेश से ललन यादव, इतेफाक आलम, जिला अध्यक्ष डॉ. कृष्ण मोहन कुमार, जिला प्रभारी संतोष सिंह, चुनाव प्रभारी राकेश कुमार बंटी, अमरनाथ उपाध्याय, अनु कुमारी, आलोक कुमार समेत अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।







