मनिहारी (कटिहार),अंगभारत| शहर में जाम की समस्या से लोगों को निजात दिलाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए मनिहारी पुलिस ने गुरुवार को बस स्टैंड में अभियान चलाया। थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा पुलिस बल के साथ बस स्टैंड पहुंचे और सड़क किनारे लगने वाली फुटकर दुकानों तथा ऑटो चालकों को आवश्यक निर्देश दिए।
थानाध्यक्ष ने फुटकर दुकानदारों से सड़क की सीमा से दूर रहकर दुकान लगाने को कहा, ताकि आवागमन में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो। वहीं, ऑटो चालकों को भी निर्धारित स्थान पर वाहन खड़ा करने और सड़क पर अनावश्यक रूप से ऑटो नहीं लगाने की हिदायत दी गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क पर वाहन खड़ा करने या दुकान लगाने से यातायात बाधित होने की स्थिति में कार्रवाई की जाएगी।पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान बस स्टैंड एवं आसपास के क्षेत्रों में कुछ देर तक गतिविधियां तेज रहीं। पुलिस ने दुकानदारों और वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क को जाम मुक्त रखने में सहयोग करने की अपील की। थानाध्यक्ष ने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।







