गौरव मिश्रा मुंगेर। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने योजना एवं विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बिहार पुलिस मुख्यालय की आर्थिक अपराध इकाई के अनुसार, दास के खिलाफ आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 28/26, दिनांक 7 अक्टूबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया था। विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी अधिपत्र प्राप्त करने के बाद 8 अक्टूबर को उनके भागलपुर, मुंगेर, पटना और मुजफ्फरपुर स्थित पांच ठिकानों पर तलाशी ली गई।
ईओयू के अनुसार विश्वसनीय सूचना के सत्यापन के क्रम में नारद कुमार दास के ज्ञात वैध आय स्रोतों से 83 लाख 53 हजार 200 रुपये अधिक संपत्ति अर्जित करने का प्रथमदृष्टया साक्ष्य मिला है। यह उनकी ज्ञात आय से करीब 64.93 प्रतिशत अधिक है।
मुंगेर के किराये के मकान से 1.70 लाख नकद और 30 लाख के जेवरात
मुंगेर के कासिम बाजार थाना क्षेत्र स्थित बेलन बाजार बंगाली टोला के किराये के आवास की तलाशी में 1 लाख 70 हजार रुपये नकद, करीब 30 लाख रुपये मूल्य के आभूषण, हुंडई आई-10 स्पोर्ट्ज कार, मोटरसाइकिल तथा जेवरात खरीदने से संबंधित कई रसीदें बरामद की गईं। आवास पर ईओयू की टीम ने दस्तावेजों और अन्य सामान की भी जांच की।
मुजफ्फरपुर से 50.50 लाख नकद
ईओयू के अनुसार मुजफ्फरपुर के नया टोला, काजी मोहम्मदपुर स्थित राधिका अपार्टमेंट के फ्लैट संख्या 2एफ से 50 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा अन्य महत्वपूर्ण कागजात भी मिले हैं।
भागलपुर स्थित पैतृक आवास की तलाशी में भूखंड खरीद से संबंधित दस्तावेज तथा करीब 5 लाख रुपये मूल्य के आभूषण खरीद की रसीदें बरामद हुईं। तलाशी के दौरान आदित्य बिरला एवं जीवन बीमा में निवेश से संबंधित कागजात तथा विभिन्न बैंकों के चार खातों की पासबुक और चेकबुक भी मिली। इनमें 17 लाख 15 हजार 688 रुपये की राशि फ्रीज कराई गई है।
पत्नी के नाम 50 लाख में खरीदी गई 3.9 डिसमिल जमीन
ईओयू ने वर्ष 2026 में पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र के कुसुमपुरम मोहल्ले में दास की पत्नी बीना विद्यार्थी के नाम 3.9 डिसमिल जमीन पर 50 लाख रुपये में खरीदे गए मकान की भी जानकारी दी है। इसकी सरकारी कीमत 68 लाख 41 हजार रुपये तथा वर्तमान बाजार मूल्य करीब 1.5 करोड़ रुपये बताया गया है। ईओयू के अनुसार, जमीन खरीद में कुछ राशि का लेन-देन उनकी पत्नी के खाते से होने का प्रमाण भी मिला है।
नारद कुमार दास ने वर्ष 2014 में बिहार के जल संसाधन विभाग में सहायक अभियंता के रूप में सेवा शुरू की थी। वर्तमान में वे प्रतिनियुक्ति पर योजना एवं विकास विभाग के स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन कार्य प्रमंडल, मुंगेर में कार्यपालक अभियंता के पद पर तैनात हैं। उनकी पत्नी सेवानिवृत्त शिक्षिका हैं। ईओयू ने कहा है कि बरामद दस्तावेजों एवं जब्त संपत्ति का अवलोकन किया जा रहा है और तलाशी में आय से अधिक संपत्ति में और वृद्धि की संभावना है। मामले की जांच जारी है।







