फुल्लीडुमर/बांका/अंगभारत। शुक्रवार को फुल्लीडुमर प्रखंड के खेसर पंचायत भवन में नीड्स संस्था के तत्वावधान में पंचायत स्तरीय पोषण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वार्ड सदस्य प्रतिनिधि विनोद पंडित ने की। बैठक में पंचायत की वर्तमान पोषण स्थिति की समीक्षा करते हुए बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण को लेकर सामुदायिक भागीदारी पर जोर दिया गया।बैठक का मुख्य उद्देश्य पंचायत में पोषण संबंधी समस्याओं पर चर्चा करना तथा नीड्स संस्था द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित कर्मियों को देना था। इस दौरान छह माह से 36 माह तक के बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई गई। प्रतिभागियों ने बच्चों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने पर बल दिया।बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों पर मिलने वाले पूरक पोषाहार की गुणवत्ता में सुधार लाने के उद्देश्य से सभी केंद्रों पर सामूहिक सहयोग से पोषण वाटिका विकसित करने पर सहमति बनी। वक्ताओं ने कहा कि पोषण वाटिका के माध्यम से पौष्टिक सब्जियों की उपलब्धता बढ़ाने और बच्चों के पोषण स्तर में सुधार लाने में मदद मिल सकती है।बैठक में पंचायत के सभी वार्ड प्रतिनिधि, आंगनबाड़ी सेविकाएं, जीविका की सीएनआरपी एवं एमआरपी तथा प्रखंड समन्वयक आरती कुमारी मौजूद रहीं। नीड्स संस्था की ओर से क्षेत्र समन्वयक टुम्पा मल्ला, अंकिता मंडल और प्रखंड समन्वयक अजीत मौर्य ने भी भाग लिया।







