Founder – Mohan Milan

दिल्ली से अमृतसर जा रही फ्लाइट भटकी, पाकिस्तान एयरस्पेस तक पहुंचने से मचा हड़कंप

नई दिल्ली,अंग भारत। दिल्ली से अमृतसर जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-479 सोमवार रात तकनीकी खराबी के कारण अपने निर्धारित मार्ग से भटक गई और पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र की ओर पहुंच गई। समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर विमान को वापस भारतीय हवाई क्षेत्र में लाया गया, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम के चलते यात्रियों को करीब चार घंटे की देरी का सामना करना पड़ा।

Read more………..भारत-चीन संबंधों को नई दिशा देने पर डोभाल और वांग यी की चर्चा

तकनीकी खराबी के बाद निर्धारित रूट से भटका विमान

जानकारी के अनुसार एयर इंडिया का एयरबस ए321 विमान सोमवार रात 9 बजकर 07 मिनट पर दिल्ली से अमृतसर के लिए रवाना हुआ था। उड़ान के दौरान तकनीकी खामी आने से विमान अपने तय मार्ग से विचलित हो गया। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक इसी कारण विमान पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र की दिशा में पहुंच गया।हालांकि स्थिति की जानकारी मिलते ही संबंधित एजेंसियों और एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने तत्काल कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान की एयर ट्रैफिक अथॉरिटी की चेतावनी के बाद विमान को तुरंत यू-टर्न लेने के निर्देश दिए गए और उसे सुरक्षित रूप से भारतीय हवाई क्षेत्र में वापस लाया गया।

अमृतसर में नहीं मिली लैंडिंग की अनुमति

घटना के बाद विमान को अमृतसर पहुंचना था, लेकिन निर्धारित लैंडिंग समय निकल जाने के कारण एयरपोर्ट प्रशासन ने विमान को उतरने की अनुमति नहीं दी। इसके चलते विमान को वापस दिल्ली लौटना पड़ा, जहां उसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।दिल्ली में कुछ समय रुकने और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद विमान ने दोबारा अमृतसर के लिए उड़ान भरी। करीब दो घंटे बाद मिली अनुमति के बाद विमान तड़के लगभग ढाई बजे अमृतसर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया।

चार घंटे देरी से पहुंचे यात्री, बढ़ी परेशानी

इस पूरे घटनाक्रम का सबसे ज्यादा असर यात्रियों पर पड़ा। जिन्हें रात लगभग 10:30 बजे तक अमृतसर पहुंचना था, वे देर रात अपने गंतव्य तक पहुंच सके। कई यात्रियों को अपने आगे के यात्रा कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा, जबकि कुछ को अन्य व्यवस्थाओं में भी परेशानी का सामना करना पड़ा।फिलहाल एयर इंडिया की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि आधिकारिक सूत्रों ने पुष्टि की है कि तकनीकी खराबी के कारण विमान अपने निर्धारित मार्ग से भटक गया था। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और संबंधित एजेंसियां घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts
App Icon