Founder – Mohan Milan

वेनेजुएला भूकंप में 1,719 लोगों की गई जान, हजारों अब भी लापता

वेनेजुएला भूकंप के बाद जमींदोज हुई इमारतें और मलबे में दबे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास करते राहत और बचाव दल।

काराकास,अंग भारत । दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में पांच दिन पहले आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचाई है। लगातार जारी राहत और बचाव कार्यों के बीच मृतकों की संख्या बढ़कर 1,719 हो गई है, जबकि 5,034 लोग घायल बताए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार हजारों लोग अब भी लापता हैं और उनके जीवित मिलने की उम्मीद में बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है। हालांकि लगातार आ रहे आफ्टरशॉक और क्षतिग्रस्त इमारतें राहत कार्य में बड़ी बाधा बन रही हैं।

7.2 और 7.5 तीव्रता के दो भूकंपों ने मचाई तबाही

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, पिछले बुधवार शाम 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप आए थे, जिनके झटके पड़ोसी देश कोलंबिया तक महसूस किए गए। इन भूकंपों को पिछले करीब एक सदी में वेनेजुएला की सबसे विनाशकारी प्राकृतिक आपदाओं में गिना जा रहा है। राष्ट्रीय असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज ने बताया कि अब तक 22,619 से अधिक लोग इस आपदा से प्रभावित हुए हैं।

609 आफ्टरशॉक से बढ़ी मुश्किलें

अधिकारियों के अनुसार, मुख्य भूकंप के बाद अब तक 609 आफ्टरशॉक दर्ज किए जा चुके हैं। सोमवार सुबह भी एक झटका महसूस किया गया। लगातार आ रहे झटकों के कारण बचाव दलों को क्षतिग्रस्त इमारतों में प्रवेश करने में काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है। अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुमान के अनुसार मृतकों की संख्या 10 हजार या उससे अधिक पहुंचने की आशंका भी जताई गई है।

855 इमारतें क्षतिग्रस्त, 189 पूरी तरह ढहीं

भूकंप से अब तक कम से कम 855 इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिनमें 189 इमारतें पूरी तरह ढह गईं। सबसे अधिक नुकसान ला गुएरा, राजधानी काराकास और आसपास के क्षेत्रों में हुआ है। सड़कों पर गहरी दरारें, क्षतिग्रस्त मकान और बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान ने सामान्य जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है।

विदेशी मदद पहुंची, इजराइल भी भेजेगा राहत दल

राहत एवं बचाव कार्यों में सहायता के लिए कई अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां वेनेजुएला पहुंच चुकी हैं। इजराइल के विदेश मंत्रालय ने भी आपदा राहत टीम भेजने की घोषणा की है। इस दल में विदेश मंत्रालय के अधिकारी, होम फ्रंट कमांड के बचावकर्मी और बाद में नेशनल इमरजेंसी मैनेजमेंट अथॉरिटी के विशेषज्ञ भी शामिल होंगे। वर्षों से दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध नहीं होने के बावजूद मानवीय सहायता को प्राथमिकता दी गई है।

‘ट्रैफिक लाइट सिस्टम’ से हो रही इमारतों की जांच

काराकास में प्रशासन क्षतिग्रस्त इमारतों की सुरक्षा जांच के लिए ‘ट्रैफिक लाइट सिस्टम’ का उपयोग कर रहा है। हरे निशान वाली इमारतों को सुरक्षित, पीले निशान वाली इमारतों को आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त और लाल निशान वाली इमारतों को पूरी तरह असुरक्षित घोषित किया जा रहा है। कई इलाकों को फिलहाल आम लोगों के लिए बंद रखा गया है।

मलबे से जिंदा निकले नवजात और महिला

विनाश के बीच राहत अभियान में कुछ उम्मीद भरी खबरें भी सामने आई हैं। बचाव दल ने मलबे में फंसे एक नवजात शिशु और तीन दिनों से फंसी एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाला है। अधिकारियों का कहना है कि विदेशी सहायता और आधुनिक उपकरणों के पहुंचने से राहत कार्य में और तेजी आएगी।

नासा की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

सैटेलाइट रडार डेटा के आधार पर तैयार एक प्रारंभिक रिपोर्ट में नासा के शोधकर्ताओं ने अनुमान लगाया है कि मध्य और उत्तरी वेनेजुएला में आए इन दो भूकंपों से करीब 58,870 इमारतें क्षतिग्रस्त या नष्ट हुई हैं। यह आकलन यूरोपियन स्पेस एजेंसी के सेंटिनल-1 सैटेलाइट के रडार डेटा और शोधकर्ताओं के शुरुआती विश्लेषण पर आधारित है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts
App Icon