Founder – Mohan Milan

भ्रामक खबरों और फेक न्यूज पर रहेगी प्रशासन की पैनी नजर,सोशल मीडिया चैनलों पर होगी कार्रवाई

मीडिया मॉनिटरिंग को लेकर डीडीसी ने की समीक्षा बैठक, संवेदनशील खबरों पर त्वरित कार्रवाई का निर्देश

सुपौल,अंग भारत| जिले में मीडिया मॉनिटरिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने और भ्रामक खबरों के प्रसार पर अंकुश लगाने को लेकर शनिवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया पर प्रकाशित एवं प्रसारित होने वाली खबरों की निगरानी से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में उप विकास आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मीडिया में प्रकाशित और प्रसारित समाचारों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर साझा की जा रही सूचनाओं पर भी लगातार नजर रखी जाए। विशेष रूप से भ्रामक, तथ्यहीन और अफवाह फैलाने वाली खबरों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।उन्होंने संवेदनशील फेक न्यूज और नकारात्मक खबरों के मामलों में विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया। ऐसी खबरों से कानून-व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द और आम लोगों के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को समय रहते आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया।बैठक के दौरान पुलिस उपाधीक्षक, साइबर सेल, सुपौल गौरव गुप्ता ने बताया कि सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं तथ्यहीन खबरें प्रसारित करने वाले चैनलों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही ऐसे चैनलों का मोनेटाइजेशन बंद कराने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि गलत सूचनाओं के प्रसार पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।बैठक में अधिकारियों ने मीडिया मॉनिटरिंग से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की और भ्रामक सूचनाओं पर त्वरित प्रतिक्रिया तथा समन्वय के साथ कार्रवाई करने की आवश्यकता पर बल दिया।इस अवसर पर जिला गोपनीय शाखा के विशेष कार्य पदाधिकारी विकास कुमार कर्ण, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी संजय कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सर्वेश्वर सिंह तथा पुलिस उपाधीक्षक, साइबर सेल गौरव गुप्ता उपस्थित थे।
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts
App Icon