रजौन/बांका/अंग भारत। कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से बिहार विधान परिषद चुनाव 2026 के लिए जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी रजनीश रंजन के समर्थन में शनिवार (10 अक्टूबर) को रजौन प्रखंड इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बांका जिला चुनाव प्रभारी पंकज कुमार दास की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रखंड की सभी पंचायतों में सघन जनसंपर्क और प्रभावी प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करना था। बैठक के दौरान सांगठनिक मजबूती पर बल देते हुए प्रखंड स्तर पर मुकेश कुमार सिंह एवं संजय कुमार दास को प्रखंड प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके साथ ही चुनावी अभियान को गति देने के लिए प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में पंचायत प्रभारियों की नियुक्ति की गई, जिनमें सिहनान से धनंजय कुमार यादव, मझगांय-डरपा से मनीष कुमार, संझा-श्यामपुर से जगदीश प्रसाद साह, राजावर से धर्मेंद्र कुमार यादव, अमहारा-हरचंडी से रामरतन साह, धायहरना-महगामा से मो. अनसार, सकहारा से रामविलास सिंह, नवादा-खरौनी से बालव्यास पासवान, रजौन से विमलेश कुमार, धौनी-बामदेव से अरुण कुमार दास, मोरामा-बनगांव से पुरुषोत्तम कुमार पासवान, कठचातर-लीलातरी से राजेश हरिजन, ओड़हारा से प्रकाश यादव, चिलकावर-असौता से द्वारिका प्रसाद सिंह, भवानीपुर-कठौन से मनोज कुमार दास तथा पड़घड़ी-लकड़ा से संतोष कुमार गुप्ता को प्रभारी बनाया गया, जबकि तिलकपुर पंचायत के प्रभारी की घोषणा शीघ्र किए जाने की बात कही गई। इस अवसर पर सुमन पासवान, सिकंदर यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी व सक्रिय कार्यकर्ता मौजूद रहे और अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई।







