Founder – Mohan Milan

भाजपा संकल्प पत्र जारी, मुफ्त बस यात्रा और नौकरी का ऐलान

कोलकाता,अंग भारत|  पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल गरमा गया है। शुक्रवार को कोलकाता में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का चुनावी घोषणापत्र ‘संकल्प पत्र’ जारी किया। इस दौरान उन्होंने राज्य में सत्ता में आने पर विकास, रोजगार, महिला सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाया।

महिलाओं और युवाओं के लिए बड़े ऐलान

घोषणापत्र में महिलाओं और बेरोजगार युवाओं के लिए विशेष योजनाओं की घोषणा की गई है। भाजपा ने वादा किया है कि महिलाओं और बेरोजगार युवाओं को हर महीने 3000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को 15000 रुपये की मदद देने की बात कही गई है।

कर्मचारियों और किसानों को राहत का वादा

सरकारी कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता देने का आश्वासन दिया गया है। साथ ही योग्य उम्मीदवारों को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत स्थायी नौकरी देने की बात कही गई है। किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत मिलने वाले 6000 रुपये के साथ राज्य की ओर से 3000 रुपये जोड़कर कुल 9000 रुपये देने का वादा किया गया है।

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की योजना

स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान भारत योजना को राज्य की योजनाओं से जोड़कर गरीबों को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने की बात कही गई है। इसके अलावा उत्तर बंगाल में अत्याधुनिक कैंसर अस्पताल बनाने की घोषणा भी की गई है।

महिला सुरक्षा और मुफ्त यात्रा पर जोर

महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी नौकरियों में 33 प्रतिशत आरक्षण, हर मंडल में महिला थाना और प्रत्येक पुलिस जिले में महिला डेस्क स्थापित करने का वादा किया गया है। साथ ही महिलाओं के लिए 100 प्रतिशत मुफ्त सार्वजनिक परिवहन की सुविधा देने की बात कही गई है।

विकास योजनाओं पर खास फोकस

घोषणापत्र में कोलकाता के लिए 10 वर्षों की विशेष विकास योजना, उत्तर बंगाल में एम्स, खेल विश्वविद्यालय की स्थापना, चार नए उपनगरों का निर्माण और दार्जिलिंग को हेरिटेज पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने का जिक्र किया गया है।

ममता सरकार पर साधा निशाना

अमित शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सत्ता में आने पर “भयमुक्त और भ्रष्टाचारमुक्त बंगाल” बनाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य का मुख्यमंत्री बंगाल से ही चुना जाएगा।

पुरानी योजनाएं जारी रखने का भरोसा

शाह ने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार बनने पर किसी भी मौजूदा जनकल्याणकारी योजना को बंद नहीं किया जाएगा। “मछली-डिम” जैसी योजनाएं भी पहले की तरह जारी रहेंगी।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts