नई दिल्ली,अंग भारत। देश के पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है और पार्टी के शीर्ष नेता लगातार जनसभाओं और रोड शो के जरिए मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह विभिन्न राज्यों में चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे।
Read more……..भाजपा स्थापना दिवस पर देशभर में कार्यक्रम, नेताओं ने दी बधाई
असम में प्रधानमंत्री मोदी की ताबड़तोड़ जनसभाएं
भाजपा द्वारा साझा कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज असम के कई जिलों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। वह सुबह 11 बजे बारपेटा में, इसके बाद दोपहर सवा एक बजे होजाई में और शाम चार बजे डिब्रूगढ़ में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। इन सभाओं के जरिए प्रधानमंत्री राज्य के मतदाताओं को साधने का प्रयास करेंगे।भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी आज असम में सक्रिय रहेंगे। उनका कार्यक्रम तिनसुकिया में दोपहर 12 बजे और इसके बाद लखीमपुर में अपराह्न दो बजे जनसभा को संबोधित करने का है। दोनों नेता राज्य में पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने के लिए लगातार प्रचार कर रहे हैं।
अमित शाह का केरल और पुडुचेरी में प्रचार अभियान
वहीं केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज केरल और पुडुचेरी में चुनावी अभियान को धार देंगे। भाजपा स्थापना दिवस के अवसर पर वह केरल के तिरुवनंतपुरम में सुबह 10 बजे पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह पुडुचेरी के लिए रवाना होंगे, जहां उनका रोड शो प्रस्तावित है।शाह के इस दौरे को दक्षिण भारत में भाजपा की पकड़ मजबूत करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी नेतृत्व इन राज्यों में अधिक से अधिक जनसमर्थन जुटाने की रणनीति पर काम कर रहा है।
पांच राज्यों में चुनावी मुकाबला, तारीखें तय
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और केंद्रशासित पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव होने हैं। पश्चिम बंगाल की 294 सीटों पर दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा। तमिलनाडु की 234 सीटों के लिए 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।केरल, असम और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होना है। केरल की 140 सीटों, असम की 126 सीटों और पुडुचेरी की 30 सीटों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इन सभी राज्यों के चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।चुनावी माहौल के बीच सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी रणनीतियों के तहत जनता के बीच पहुंच रहे हैं। भाजपा के शीर्ष नेताओं के लगातार दौरे से यह साफ है कि पार्टी इस बार चुनाव में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती।










