सहरसा,अंग भारत। कोशी प्रक्षेत्र के डीआईजी कुमार आशीष ने कर्तव्य में लापरवाही और साजिश के गंभीर आरोप में बड़ी कार्रवाई करते हुए कनरिया थाना के एक सब-इंस्पेक्टर सहित दो चौकीदारों को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई जनता दरबार में प्राप्त शिकायत की जांच के बाद की गई, जिसमें प्राथमिकी में हेरफेर कर निर्दोष लोगों को फंसाने का आरोप सही पाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कनरिया थाना कांड संख्या 13/2026 से संबंधित एक आवेदन डीआईजी के जनता दरबार में प्रस्तुत किया गया था। शिकायत में पुलिस कर्मियों पर मिलीभगत कर एफआईआर में बदलाव करने का आरोप लगाया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच कराई गई। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सत्य पाए जाने पर पुलिस अवर निरीक्षक अनिल प्रसाद, चौकीदार संख्या 6/8 अनिल कुमार तथा चौकीदार संख्या 6/5 दर्शन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में सभी को पुलिस केंद्र, सहरसा मुख्यालय भेज दिया गया है। डीआईजी ने तीनों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू करने का निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि पुलिस विभाग में कदाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को चेतावनी दी कि ऐसी पुनरावृत्ति होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।










