Founder – Mohan Milan

बिहार में गुटखा उधार विवाद ने लिया खतरनाक मोड़, दुकान पर फायरिंग से दहशत

बिहार,अंग भारत|  सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जब गुटखा उधार नहीं देने पर कुछ किशोरों ने महिला दुकानदार को धमकी देने के बाद फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। घटना निर्मली पंचायत के मेहता टोला वार्ड संख्या-7 की है, जहां इस घटना के बाद स्थानीय लोग भय के माहौल में हैं।

उधार नहीं देने पर बढ़ा विवाद
पीड़ित महिला दुकानदार प्रमिला देवी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे एक बाइक पर सवार तीन किशोर उनकी जनरल स्टोर दुकान पर पहुंचे। उन्होंने ‘राज निवास’ गुटखा उधार मांगा, लेकिन महिला ने उधार देने से साफ इनकार कर दिया और पास की दूसरी दुकान से खरीदने की सलाह दी। इस पर तीनों किशोर नाराज हो गए और महिला को धमकी देते हुए कहा कि “तुम्हारे ऊपर गोली चलेगी” और वहां से चले गए।

आधे घंटे बाद लौटकर की फायरिंग
महिला के अनुसार, धमकी देने के करीब आधे घंटे बाद तीनों युवक फिर लौटे और दुकान के पास एक राउंड फायरिंग कर दी। उस समय महिला दुकान बंद कर अपने आंगन में चली गई थीं, जिससे कोई बड़ा हादसा टल गया। लेकिन गोली चलने की घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घर के सामने दोबारा चली गोली
घटना यहीं नहीं रुकी। रात करीब 8 बजे आरोपियों ने महिला के घर के सामने सड़क पर फिर से फायरिंग की, जिससे लोगों में और अधिक भय व्याप्त हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। देर रात करीब 10:30 बजे दो युवक बाइक से वहां से गुजरते दिखे, जिन्हें ग्रामीणों ने पहचान लिया और पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे भागने में सफल रहे।

ग्रामीणों ने की पहचान, पुलिस जांच जारी
पीड़िता के पुत्र सोनू कुमार ने पिपरा थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का दावा है कि तीन में से दो आरोपियों की पहचान हो चुकी है, जबकि तीसरा अभी अज्ञात है। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी नाबालिग हैं।

पुलिस ने कहा—जांच के बाद होगी कार्रवाई
इस मामले में पिपरा थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने इसे आपसी विवाद बताया और फायरिंग की घटना की पुष्टि करने से फिलहाल इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

One Response

Recent Posts