Founder – Mohan Milan

गढ़वा में महाष्टमी जुलूस पर पथराव, छह पुलिसकर्मी समेत कई घायल

रमकांडा थाना क्षेत्र में दो समुदायों के बीच तनाव, 19 गिरफ्तार; इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

झारखण्ड,अंग भारत | गढ़वा जिले के रमकांडा थाना क्षेत्र में महाष्टमी के अवसर पर गुरुवार देर रात निकाले गए जुलूस पर हुए पथराव के बाद इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इस घटना में छह पुलिसकर्मी समेत कई स्थानीय नागरिक घायल हो गए हैं। हालात को नियंत्रित करने के लिए पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है।

जुलूस के दौरान भड़का विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामनवमी की पूर्व संध्या पर पुलिस सुरक्षा में झांकी जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान कौआखोह शिव चबूतरा के पास एक समुदाय के लोगों द्वारा जुलूस को आगे बढ़ने से रोकने का आरोप लगाया गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और जुलूस पर पथराव शुरू हो गया, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस ने संभाली स्थिति, आंसू गैस का प्रयोग
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। पलामू डीआईजी कौशल किशोर और गढ़वा एसपी अमन कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियातन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

पहले भी हो चुका था विवाद
गढ़वा एसपी अमन कुमार ने बताया कि जुलूस को लेकर दोनों समुदायों के बीच एक दिन पहले भी हल्का विवाद हुआ था। हालांकि आपसी सहमति के बाद जुलूस निकालने का निर्णय लिया गया था, लेकिन अचानक कुछ लोगों द्वारा जुलूस रोकने की कोशिश से स्थिति बिगड़ गई।

19 गिरफ्तार, कई वाहन और मोबाइल जब्त
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दोनों पक्षों के लोग शामिल हैं। साथ ही 18 मोटरसाइकिल और 9 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। दोनों पक्षों के खिलाफ अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है और अन्य संदिग्धों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

प्रशासन सख्त, दोषियों पर होगी कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है। वहीं, लापरवाही के आरोप में संबंधित थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

One Response

Recent Posts