Founder – Mohan Milan

आईपीएल 2026: आरसीबी ने चिन्नास्वामी में सीएसके को 43 रन से हराया

बेंगलुरु,अंग भारत। बेंगलुरु एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के 11वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को 43 रन से हराया। इस हार के साथ सीएसके को लगातार तीसरी पराजय का सामना करना पड़ा।पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी की शुरुआत धीमी रही। लेकिन मध्यक्रम में देवदत्त पडिक्कल (50) की आक्रामक बल्लेबाजी ने टीम को मजबूत आधार दिया। विराट कोहली ने 28 और फिल साल्ट ने 46 रन बनाकर आरसीबी की पारी को गति दी। अंतिम ओवरों में कप्तान रजत पाटीदार और टिम डेविड (25 गेंदों में 70 रन) की विस्फोटक बल्लेबाजी ने टीम को 20 ओवर में 250 रन तक पहुंचा दिया। पारी में कुल 19 छक्के और 14 चौके लगे, जिससे दर्शकों का भरपूर मनोरंजन हुआ।

Read more……..आखिरी ओवर में पलटा मैच,राजस्थान ने गुजरात को हराया

सीएसके की कोशिशें नाकाम, आरसीबी गेंदबाजों ने कसी कमान

लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएसके की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (7) और संजू सैमसन (9) जल्दी आउट हो गए। टीम ने 30 रन पर ही तीन विकेट गंवा दिए। सरफराज खान ने 50 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन मध्यक्रम में कृणाल पांड्या ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर मैच पूरी तरह आरसीबी के पक्ष में मोड़ दिया।भुवनेश्वर कुमार ने 3 महत्वपूर्ण विकेट लेकर सीएसके की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अंत में प्रशांत वीर (43) और जेमी ओवरटन (37) ने कुछ संघर्ष किया, लेकिन टीम 19.4 ओवर में 207 रन पर ऑलआउट हो गई। आरसीबी की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट लिए, जबकि लुकी डफी, कृणाल पांड्या और अभिनंदन सिंह ने 2-2 विकेट झटके।

आरसीबी की जीत से घरेलू मैदान पर मजबूत शुरुआत, सीजन उत्साहजनक

इस जीत के साथ आरसीबी ने अपने घरेलू मैदान पर लगातार दूसरी जीत दर्ज की और सीजन में शानदार शुरुआत की है। कप्तान रजत पाटीदार ने कहा, “टीम ने शानदार तालमेल और आक्रामक खेल दिखाया। शुरुआती ओवरों में दबाव था, लेकिन मध्यक्रम और अंतिम ओवरों की बल्लेबाजी ने जीत सुनिश्चित की।”सीएसके की हार के बाद टीम को अपनी रणनीति और बल्लेबाजी क्रम पर पुनर्विचार करना होगा। वहीं आरसीबी के लिए यह जीत आत्मविश्वास बढ़ाने वाली है और टीम अब आगामी मैचों में भी इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद रख सकती है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts