फुल्लीडुमर/बांका/अंगभारत। जिला परिषद संघ बिहार के प्रदेश अध्यक्ष सह फुल्लीडुमर उत्तरी के जिप सदस्य विश्वजीत दीपांकर ने शुक्रवार को फुल्लीडुमर प्रखंड क्षेत्र के तेलिया पहाड़ पंचायत क्षेत्र के नगरडीह गांव से रघुचक गांव तक नवनिर्मित पीसीसी सड़क का उद्घाटन किया. यह पीसीसी सड़क षष्ठम राज्य वित्त आयोग योजना के तहत 14 लाख 97 हजार 800 रुपये की लागत से बनायी गयी है. मौके पर जिप सदस्य ने कहा कि गांव-गांव को बेहतर और पक्की सड़क से जोड़ने के अभियान में वे जुटे हुए हैं. तेजी से सुदूरवर्ती इलाकों तक सड़कें पहुंचायी जा रही है. उनकी कोशिश है कि बरसात के पूर्व सड़कों का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिये जाएं ताकि बारिश के मौसम में आवागम में परेशानी न हो. इसके लिए संबंधित अभियंता व संवेदक को विशेष निर्देश दिया गया है. साथ ही कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जायेगा. सड़क के साथ पेयजल, शिक्षा, बिजली इत्यादि को लेकर भी वे लगातार प्रयासरत हैं. काम भी हो रहा है. उन्होंने कहा कि गांव में अच्छी सड़क से विकास की गति तेज होती है. आवागमन में सुलभता से समय की बचत होती है. वहीं ग्रामीणों ने नयी सड़क निर्माण के लिए जिप सदस्य के प्रति आभार व्यक्त किया. इस मौके पर नगरडिह एवं रघुचक के दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।









