सहरसा,अंग भारत। आंधी-तूफान एवं अतिवृष्टि से किसानों की फसलों को हुए भारी नुकसान को लेकर शनिवार को सिमरी बख्तियारपुर के विधायक संजय कुमार सिंह ने जिलाधिकारी दीपेश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रभावित किसानों को शीघ्र एवं उचित क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग उठाई। विधायक ने सिमरी बख्तियारपुर सहित पूरे जिले के किसानों की समस्याओं को विस्तार से रखते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण किसानों को भारी आर्थिक क्षति हुई है। ऐसे में राहत कार्यों में तेजी लाना बेहद जरूरी है। उन्होंने जिला प्रशासन से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर मुआवजा प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने का आग्रह किया। मुलाकात के दौरान क्षेत्र के विकास, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं आमजन की समस्याओं के समाधान पर भी चर्चा हुई। विधायक ने कहा कि किसानों को उनका अधिकार समय पर मिले, इसके लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन की सक्रियता से प्रभावित किसानों को जल्द राहत मिल सकेगी।










