बरहरा कोठी के बासुदेवपुर में मद्यनिषेध विभाग और पुलिस की संयुक्त छापेमारी, तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी हो रही जांच
पूर्णिया,अंग भारत। जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी, भंडारण और कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग तथा बरहरा कोठी थाना की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर धमदाहा अनुमंडल के बरहरा कोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत बासुदेवपुर गांव में छापेमारी कर 3.580 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इस मामले में पुलिस ने राजेश साह (45 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पूजा घर में जमीन के नीचे बने गुप्त तहखानानुमा स्थान से गांजा बरामद होने की बात सामने आई है।जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार, भा.प्र.से. के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग, पूर्णिया को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद विभागीय टीम ने बरहरा कोठी थाना की पुलिस के साथ ग्राम बासुदेवपुर, पंचायत बंशी तेलिया, वार्ड संख्या-02 में छापेमारी की।
पूजा घर में बनाया गया था गुप्त ठिकाना
छापेमारी के दौरान आरोपी के पूजा घर में जमीन के नीचे तहखानानुमा एक गुप्त स्थान बनाया हुआ मिला। इस स्थान में एक बैग को रस्सी के सहारे नीचे लटकाकर रखा गया था और ऊपर से ढक दिया गया था, ताकि सामान्य तौर पर किसी को इसकी जानकारी नहीं हो सके। तलाशी के दौरान टीम ने बैग से कुल 3.580 किलोग्राम गांजा बरामद किया।कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेश साह, निवासी ग्राम बासुदेवपुर, पंचायत बंशी तेलिया, वार्ड संख्या-02, थाना बरहरा कोठी, जिला पूर्णिया के रूप में हुई है।
प्राथमिकी दर्ज, नेटवर्क की तलाश जारी
गिरफ्तार व्यक्ति को अग्रेतर कानूनी कार्रवाई के लिए बरहरा कोठी थाना को सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग की टीम आरोपी से पूछताछ कर गांजा की आपूर्ति करने वाले व्यक्तियों तथा इस अवैध कारोबार में सहयोग करने वाले अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।जांच के दौरान जिन अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का उद्देश्य गांजा की बरामदगी के साथ-साथ इसकी आपूर्ति और वितरण से जुड़े नेटवर्क का पता लगाना भी है।
अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान जारी
मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग, पूर्णिया ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी, भंडारण और कारोबार के विरुद्ध सघन अभियान जारी रहेगा। इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के प्रावधानों के अनुरूप कठोर कार्रवाई की जाएगी।







