असम,अंग भारत | असम में विधानसभा चुनावों की सरगर्मियों के बीच हिंसा की घटनाएं बढ़ती नजर आ रही हैं। ताजा मामला चराईदेव जिले से सामने आया है, जहां एक भाजपा कार्यकर्ता की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना ने पूरे इलाके में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है और चुनावी सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रचार के दौरान हुआ हमला, मौके पर मौत
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान खूदकन बोरा के रूप में की गई है। वह इन दिनों चुनाव प्रचार में सक्रिय रूप से जुटे हुए थे। रविवार को जब वह अपने क्षेत्र में प्रचार कार्य कर रहे थे, उसी दौरान उन पर हमला किया गया। आरोप है कि जय भारत पार्टी के समर्थकों ने उन्हें रास्ते में रोककर लाठियों से बुरी तरह पीटा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
Read more……….भाजपा अध्यक्ष नीतिन नवीन का बराक घाटी में चुनावी दौरा
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ
सूत्रों की मानें तो इस हमले में तिलेश्वर मुर्मू नामक व्यक्ति की मुख्य भूमिका बताई जा रही है। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।
सोनारी क्षेत्र में तनाव, बढ़ाई गई सुरक्षा
इस घटना के बाद सोनारी विधानसभा क्षेत्र में हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। स्थानीय प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। लोगों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश देखा जा रहा है और वे दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
विधायक ने जताया दुख, बताई गंभीर घटना
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सोनारी के विधायक धर्मेश्वर कोंवर ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव जैसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के दौरान इस तरह की हिंसा अस्वीकार्य है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी कार्यकर्ता को इस तरह रास्ते में रोककर पीटना और उसकी हत्या कर देना कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाता है।
लोगों में आक्रोश, सख्त सजा की मांग
स्थानीय नागरिकों ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की है। उनका कहना है कि चुनाव के समय पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाते हैं, इसके बावजूद ऐसी घटना होना चिंताजनक है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों को जल्द से जल्द सजा दी जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।









