तीसरी बार मां राजेश्वरी भगवती मंदिर बना चोरों का निशाना, चढ़ावे से 4 किलो चांदी और एक किलो सोना ले उड़ चोर, इलाके में सनसनी
सुपौल,अंग भारत। जिले के छातापुर प्रखंड के प्रसिद्ध मां राजेश्वरी भगवती मंदिर में एक बार फिर चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी। बीती रात अज्ञात बदमाश मंदिर परिसर में घुस गए और चढ़ावे में रखे करीब चार किलो चांदी और लगभग सवा किलो सोना चोरी कर फरार हो गए। सुबह जब पुजारी मंदिर का पट खोलने पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। मंदिर का सामान बिखरा पड़ा था और चढ़ावे में रखे कीमती आभूषण गायब थे। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मंदिर परिसर में जुट गई और इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष राजेश्वरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।वहीं एसडीपीओ त्रिवेणीगंज ने बताया कि चोरी की घटना को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
पहले भी दो बार हो चुकी है चोरी –
स्थानीय लोगों के अनुसार यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी मंदिर में दो बार चोरी की वारदात हो चुकी है, लेकिन अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो पाया है। लगातार हो रही घटनाओं से श्रद्धालुओं में आक्रोश और भय का माहौल है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल –
मंदिर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि मंदिर में न तो सीसीटीवी की पर्याप्त व्यवस्था है और न ही रात में कोई चौकसी की ठोस व्यवस्था की गई है। इसी का फायदा उठाकर चोर वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
मंदिर में बार-बार चोरी से श्रद्धालुओं में रोष
मां राजेश्वरी भगवती मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहां दूर-दूर से श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। लगातार तीसरी बार मंदिर में चोरी होने से श्रद्धालुओं में रोष है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।

Mohan Milan