बिहार

गायत्री मंदिर रोड पर खून के छींटे से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

बांका,अंगभारत।  बौंसी में खून के निशान से दहशत… गायत्री मंदिर रोड पर दीवार पर दिखे खून के छींटे, पुलिस जांच में जुटी। बौंसी थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। सी एन डी उच्च विद्यालय के पीछे एवं स्कूल परिसर की दीवार पर और गायत्री मंदिर रोड पर दीवार पर खून के छींटे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह-सुबह इस दृश्य को देखकर स्थानीय लोग दहशत में आ गए। घटना बुधवार सुबह की बताई जा रही है। जब लोग रोज की तरह टहलने और अपने काम पर निकल रहे थे, तभी उनकी नजर गायत्री मंदिर रोड की एक दीवार पर पड़े खून के निशानों पर पड़ी। देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दीवार पर स्पष्ट रूप से खून के छींटे दिखाई दे रहे थे, जिससे किसी अनहोनी की आशंका जताई जा रही है। लोगों ने बिना देर किए इसकी सूचना बौंसी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता चल सके कि आखिर यहां क्या हुआ था और खून के निशान कैसे पड़े। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि खून किसका है और इसके पीछे कोई आपराधिक घटना है या नहीं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। इलाके में घटना को लेकर तरह – तरह की चर्चाएं हो रही हैं, वहीं पुलिस ने जल्द ही सच्चाई सामने लाने का भरोसा दिया है।