गैस सिलेंडर महंगे होने से बढ़ी परेशानी
सुपौल,अंग भारत। शनिवार से घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये तथा कामर्शियल गैस सिलेंडर में 125 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। अचानक बढ़ी कीमतों ने आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है।गैस की कीमत बढ़ने के साथ-साथ बुकिंग व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। पहले जहां 14 दिनों के बाद दोबारा गैस बुकिंग संभव थी, वहीं अब उपभोक्ताओं को 25 दिनों तक इंतजार करना पड़ेगा। इससे खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ईद पर्व को लेकर बाजारों में खरीदारी का समय शुरू हो गया है,लेकिन महंगाई और आर्थिक अनिश्चितता का असर बाजारों पर साफ दिख रहा है। त्रिवेणीगंज, जदिया और कोरियापट्टी के बाजारों में दुकानदारों का कहना है कि पिछले साल की तुलना में इस बार ग्राहकों की संख्या अधिक हो गई है। स्थानीय उपभोक्ताओं ने बताया कि गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने से घरेलू खर्च बढ़ गया है, जिससे त्योहार की खरीदारी पर असर पड़ रहा है। वहीं विदेशों में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों से इस बार पैसे कम आने के कारण भी बाजारों में खरीदारों की संख्या घटती नजर आ रही है। गृहिणियों ने बताया कि आमदनी घटने और महंगाई बढ़ने से इस बार ईद की तैयारियों में काफी परेशानी हो रही है। कई परिवारों को जरूरी सामान की खरीदारी भी सोच-समझकर करनी पड़ रही है। महिलाओं का कहना है कि पहले जहां ईद के मौके पर बच्चों के लिए खास सामान आसानी से खरीद लिया जाता था। वहीं, इस बार महंगाई से खर्च सीमित करना पड़ रहा है। बाजार के व्यापारियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से बिक्री में लगातार गिरावट देखी जा रही है। कपड़ा, जूता और किराना दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ पहले की तुलना में काफी कम है।

Mohan Milan