Founder – Mohan Milan

जून से तीन महीने तक कम होंगी एयर इंडिया-इंडिगो फ्लाइट्स

नई दिल्ली, अंग भारत। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और विमानन क्षेत्र में बढ़ती परिचालन लागत का असर अब देश की प्रमुख एयरलाइनों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। एयर इंडिया और इंडिगो ने जून से अपनी उड़ानों में कटौती करने का फैसला लिया है। दोनों एयरलाइनों की ओर से यह कटौती अगले तीन महीनों तक लागू रहेगी, जिससे यात्रियों को यात्रा योजनाओं में बदलाव और टिकट उपलब्धता जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

Read more……………..एक्सप्रेस-वे समेत कई जिलों में भीषण सड़क हादसे, मातम

एयर इंडिया घरेलू उड़ानों में करेगी बड़ी कटौती

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार टाटा समूह की एयरलाइन एयर इंडिया ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) यानी विमान ईंधन की लगातार बढ़ती कीमतों के कारण अपनी घरेलू उड़ानों में 22 फीसदी तक कटौती करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा एयरलाइन अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में भी करीब 27 फीसदी की कमी करने जा रही है।एयर इंडिया ने जारी बयान में कहा कि जून से अगस्त के बीच कुछ घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर अस्थायी रूप से उड़ानों की संख्या घटाई जाएगी। कंपनी का कहना है कि ईंधन की ऊंची कीमतों के चलते परिचालन लागत लगातार बढ़ रही है, जिसके कारण यह फैसला लेना पड़ा।

90 दिनों तक लागू रहेगा फैसला

एयर इंडिया के अनुसार यह कटौती 1 जून से लागू होगी और अगले 90 दिनों यानी लगभग तीन महीनों तक प्रभावी रहेगी। एयरलाइन ने कहा कि मांग और परिचालन स्थिति की लगातार समीक्षा की जाएगी। यदि हालात सामान्य होते हैं तो उड़ानों की संख्या फिर से बढ़ाई जा सकती है।कंपनी ने यात्रियों को भरोसा दिलाया है कि जिनकी उड़ानें प्रभावित होंगी, उन्हें वैकल्पिक फ्लाइट में समायोजित किया जाएगा। इसके अलावा बिना अतिरिक्त शुल्क के यात्रा की तारीख बदलने या टिकट का पूरा पैसा वापस लेने का विकल्प भी दिया जाएगा।

इंडिगो भी घटाएगी उड़ानों की संख्या

देश की सबसे बड़ी बजट एयरलाइन इंडिगो ने भी अपनी उड़ानों में पांच से सात फीसदी तक कटौती करने की योजना बनाई है। इंडिगो का यह कदम परिचालन लागत को नियंत्रित करने और संभावित नुकसान को कम करने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है।हालांकि एयरलाइन की ओर से अभी विस्तृत रूट प्लान साझा नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि कम मांग वाले रूट्स और कुछ चुनिंदा सेक्टरों पर उड़ानों की संख्या घटाई जा सकती है।

यात्रियों पर पड़ सकता है असर

विशेषज्ञों का मानना है कि उड़ानों में कटौती का सीधा असर यात्रियों पर पड़ सकता है। सीमित उड़ानों के कारण टिकट की कीमतों में बढ़ोतरी और सीटों की उपलब्धता कम होने की संभावना जताई जा रही है। खासकर छुट्टियों और त्योहारों के मौसम में यात्रियों को पहले से ज्यादा योजना बनाकर टिकट बुक करनी पड़ सकती है।उल्लेखनीय है कि एयर इंडिया हर सप्ताह लगभग 4,400 उड़ानों का संचालन करती है। इनमें करीब 3,600 घरेलू और 800 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शामिल हैं। ऐसे में उड़ानों में कटौती का असर बड़े स्तर पर देखने को मिल सकता है

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts