मुंबई,अंग भारत। अभिनेत्री अनन्या पांडे इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ के एक गाने को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में बनी हुई हैं। फिल्म के गाने में उनके भरतनाट्यम से प्रेरित डांस परफॉर्मेंस को लेकर इंटरनेट पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। जहां कुछ लोगों ने उनके प्रयास की सराहना की, वहीं कई सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें ट्रोल करते हुए इस प्रस्तुति को ‘नेपो नट्यम’ तक कह दिया। अब इस विवाद के बीच प्रसिद्ध लेखिका शोभा डे अभिनेत्री के समर्थन में खुलकर सामने आई हैं।
Read more…………..अल्फा’ में कातिल अवतार में दिखेंगी आलिया भट्ट!
शोभा डे ने ट्रोलिंग को बताया अनुचित
शोभा डे ने सोशल मीडिया पर हो रही आलोचना को अनुचित करार देते हुए कहा कि किसी भी डांस परफॉर्मेंस के लिए केवल कलाकार को जिम्मेदार ठहराना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी प्रस्तुति को तैयार करने में निर्देशक, कोरियोग्राफर और पूरी क्रिएटिव टीम की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में सिर्फ अनन्या पांडे को निशाना बनाना गलत है।उन्होंने कहा कि अनन्या कोई पेशेवर शास्त्रीय नृत्यांगना नहीं हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने एक कठिन डांस फॉर्म को निभाने का प्रयास किया। शोभा डे के अनुसार यह प्रस्तुति पूरी तरह पारंपरिक भरतनाट्यम नहीं थी, बल्कि इसमें क्लासिकल और कंटेम्परेरी डांस का मिश्रण देखने को मिला।
“इतना आसान नहीं होता ऐसा परफॉर्म करना”
शोभा डे ने अनन्या की मेहनत की तारीफ करते हुए कहा कि किसी गाने में लिप-सिंक, एक्सप्रेशंस और डांस को एक साथ संतुलित करना आसान काम नहीं होता। उन्होंने कहा, “अनन्या ने डांस किया, लिप-सिंक किया और शानदार एक्सप्रेशंस भी दिए। यह सब बिल्कुल आसान नहीं होता।”उन्होंने यह भी कहा कि कलाकारों को नई चीजें सीखने और प्रयोग करने का मौका मिलना चाहिए। सोशल मीडिया पर किसी को बेवजह ट्रोल करना सही नहीं माना जा सकता।
असिस्टेंट कोरियोग्राफर ने भी की तारीफ
फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ की असिस्टेंट कोरियोग्राफर अनन्या कुरूप ने भी अभिनेत्री का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि इतने कम समय में इस तरह का डांस रूटीन सीखना आसान नहीं था। अनन्या पांडे ने इसके लिए काफी मेहनत की और लगातार अभ्यास किया।कोरियोग्राफर टीम के मुताबिक अभिनेत्री ने डांस के हर स्टेप को समझने और सही तरीके से प्रस्तुत करने की पूरी कोशिश की। यही वजह है कि टीम उनके समर्पण और मेहनत से काफी प्रभावित है।
सोशल मीडिया पर तेज हुई बहस
इस पूरे मामले के बाद सोशल मीडिया पर बहस और तेज हो गई है। कुछ लोग अनन्या के समर्थन में उतर आए हैं, जबकि कई यूजर्स अब भी उनके डांस स्टाइल की आलोचना कर रहे हैं। हालांकि, इंडस्ट्री से मिल रहे समर्थन के बाद यह साफ है कि कलाकारों के प्रयास और मेहनत को भी उतनी ही अहमियत दी जानी चाहिए जितनी उनके प्रदर्शन को।










