नई दिल्ली,अंग भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को यूपी और ओडिशा के दौरे पर रहेंगे। वाराणसी में वे नए वस्त्र निर्माण केंद्र का उद्घाटन करने के साथ भारतीय वायुसेना के एयर शो के मुख्य अतिथि होंगे। इसके बाद भुवनेश्वर में RBI के नए डेटा सेंटर और साइबर सिक्योरिटी ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का उद्घाटन करेंगे। PMO ने शनिवार को बताया कि मोदी सुबह करीब 11 बजे वाराणसी में अरविंद लिमिटेड के नए टेक्सटाइल मैन्युफैक्चरिंग सेंटर का उद्घाटन करेंगे। दोपहर करीब 1 बजे नमो घाट पर आयोजित वायुसेना दिवस एयर शो-2026 में शामिल होंगे।
वाराणसी को मिलेगा ग्लोबल टेक्सटाइल हब -: वाराणसी का नया सेंटर देश के टेक्सटाइल और परिधान उद्योग को मजबूती देगा और क्षेत्र में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देगा। यहां आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग पर फोकस होगा और खासकर महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर बनेंगे। यहां बने प्रोडक्ट ग्लोबल मार्केट में जाएंगे। ये पहल महिला नेतृत्व वाले विकास को बढ़ावा देने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
गंगा के ऊपर गरजेंगे तेजस, राफेल, सुखोई -: वायुसेना की स्थापना के 94 साल पूरे होने पर ‘गंगा के ऊपर उड़ान’ थीम पर एयर शो होगा। इसमें तेजस, हल्का लड़ाकू हेलीकॉप्टर प्रचंड, सुखोई-30 MKI और राफेल समेत कई लड़ाकू विमान हिस्सा लेंगे। ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट के साथ नेवी और आर्मी के विमान भी उड़ान भरेंगे, जो तीनों सेनाओं की जॉइंट ऑपरेशन क्षमता दिखाएंगे।सूर्य किरण एरोबेटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम भी करतब दिखाएगी। इसमें सटीक उड़ान, आपसी तालमेल और ऑपरेशनल क्षमता का प्रदर्शन होगा।
भुवनेश्वर में RBI का हाईटेक डेटा सेंटर -: वाराणसी के बाद PM शाम 4.45 बजे भुवनेश्वर पहुंचेंगे, जहां RBI के नए डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे।RBI का नया डेटा सेंटर बैंक की कंप्यूटिंग जरूरतों को पूरा करने के साथ फाइनेंशियल सेक्टर के लिए सुरक्षित और भविष्य के हिसाब से डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर देगा। इसमें 4 अत्याधुनिक डेटा सेंटर हैं, जहां पेमेंट और सेटलमेंट सिस्टम जैसी अहम सेवाएं चलेंगी। इसे अपटाइम इंस्टीट्यूट के टियर-4 मानक का प्रमाणन मिला है, जो सबसे हाई ऑपरेशनल विश्वसनीयता का मानक है।वहीं साइबर सुरक्षा संस्थान का मकसद बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विस और इंश्योरेंस सेक्टर में साइबर सुरक्षा क्षमता मजबूत करना है। यहां क्वांटम कंप्यूटिंग, AI और दूसरी उभरती टेक्नोलॉजी पर ट्रेनिंग, रिसर्च और स्किल डेवलपमेंट होगा।







