नई दिल्ली/नागोया,अंग भारत। जापान के आइची-नागोया में खत्म हुए पैरा एशियाई खेल 2026 में भारत ने नया इतिहास लिख दिया है। भारतीय दल ने आखिरी दिन शुक्रवार को 9 गोल्ड जीतते हुए कुल 114 पदकों के साथ अपना अभियान खत्म किया। इसमें 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य शामिल हैं। ये इन खेलों में भारत का अब तक का सबसे बड़ा प्रदर्शन है।भारत ने हांगझोऊ 2023 के अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ दिया। पिछले बार भारत ने 111 पदक (29 गोल्ड, 31 सिल्वर, 51 ब्रॉन्ज) जीते थे। खास बात ये है कि इस बार भारत ने सिर्फ 168 खिलाड़ियों का दल भेजा था, जबकि पिछले बार 303 (191 पुरुष, 112 महिला) खिलाड़ी गए थे। छोटे दल के बावजूद ज्यादा गोल्ड और ज्यादा कुल पदक जीतकर भारत मेडल टेबल में चौथे नंबर पर रहा।
एथलेटिक्स में बरसे मेडल, सुमित अंतिल ने फिर दिखाया दम -: सबसे ज्यादा मेडल एथलेटिक्स से आए। एथलेटिक्स में भारत ने अकेले 65 मेडल जीते। आखिरी दिन जैवलिन स्टार सुमित अंतिल ने 72.46 मीटर थ्रो कर गोल्ड अपने नाम किया। इस इवेंट में भारत ने क्लीन स्वीप किया – महेंद्र गुर्जर (59.03 मी.) को सिल्वर और संदीप संजय सरगर (64.48 मी.) को ब्रॉन्ज मिला।क्लब थ्रो F-51 में प्रणव सूरमा ने 32.87 मीटर के गेम्स रिकॉर्ड के साथ सोना जीता, धरमबीर को ब्रॉन्ज मिला। 400 मीटर T-64 में संदीप ने 52.28 सेकंड का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाकर गोल्ड जीता।जैवलिन F-37/38 में हनेय ने 60.49 मीटर का वर्ल्ड रिकॉर्ड फेंककर गोल्ड जीता। F-40/41 में नवदीप को ब्रॉन्ज मिला।बैडमिंटन में नितेश, थुलासिमथि चमकेपैरा बैडमिंटन में भारत को 3 गोल्ड मिले। पैरालंपिक चैंपियन नितेश कुमार ने पुरुष सिंगल SL-3 के फाइनल में अपने ही साथी प्रमोद भगत को 21-18, 21-16 से हराकर गोल्ड जीता। पुरुष सिंगल SL-4 में नवीन शिवकुमार ने इंडोनेशिया के फ्रेडी सेतियावान को 21-9, 21-17 से हराकर सोना जीता। महिला डबल्स SL-3-SU5 में थुलासिमथि मुरुगेसन और मानसी जोशी ने चीन की जोड़ी को 21-16, 21-13 से हराकर गोल्ड जीता।थुलासिमथि को सिंगल SU-5 में सिल्वर और मिक्स्ड डबल्स में नितेश के साथ सिल्वर भी मिला। नित्या श्री सुमति सिवन को SH-6 में सिल्वर मिला।
मोना अग्रवाल ने वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ जीता गोल्ड -: शूटिंग में मोना अग्रवाल ने इतिहास रच दिया। महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन SH-1 में उन्होंने 357.5 अंक के साथ वर्ल्ड रिकॉर्ड और गेम्स रिकॉर्ड बनाकर गोल्ड जीता। इस इवेंट में मेडल जीतने वाली वो पहली भारतीय बनीं। इससे पहले उन्होंने 10 मीटर एयर राइफल में भी गेम्स रिकॉर्ड के साथ गोल्ड जीता था और अवनी लेखरा को पीछे छोड़ा था।
तीरंदाजी और तैराकी में भी कमाल -: तीरंदाजी में पैरालंपिक चैंपियन हरविंदर सिंह और डेब्यू कर रहे विजय सुंडी ने पुरुष रिकर्व डबल्स में चीन को 5-1 से हराकर गोल्ड जीता। महिला रिकर्व डबल्स में भावना चौधरी और पूजा जाट्यान ने सिल्वर जीता – इस इवेंट में भारत का पहला मेडल।तैराकी में भारत ने 11 मेडल जीते। दृष्टिबाधित तैराक हिमांशु नांदल ने 100 मीटर फ्रीस्टाइल S-11 में 1:05.90 के साथ ब्रॉन्ज जीता और कुल 3 ब्रॉन्ज अपने नाम किए। रवि बुडिगिना ने 2 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज जीता।टेबल टेनिस में 50 साल के जेहान दोराब मदान और शुभम वाधवा ने पुरुष डबल्स MD-4 में ब्रॉन्ज जीतकर सबसे उम्रदराज मेडलिस्ट बनने का रिकॉर्ड बनाया।







