वडोदरा,अंग भारत। ओपनर प्रतीका रावल के नाबाद शतक और बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी की घातक गेंदबाजी के दम पर भारतीय महिला टीम ने जिम्बाब्वे को पहले वनडे में 9 विकेट से हरा दिया। इसी के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।बड़ौदा के कोटांबी स्टेडियम में जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 49.5 ओवर में 197 रन बनाए। जवाब में भारत ने 198 रन का टारगेट सिर्फ 27.1 ओवर में 1 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
चरणी ने पलटा मैच, जिम्बाब्वे 197 पर ढेर -: टॉस जीतकर बैटिंग करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत खराब रही। क्रांति गौड़ ने तीसरे ओवर में ही लोरिन फिरी को खुद कैच करके पवेलियन भेज दिया। भारत ने फील्ड में कुछ कैच जरूर टपकाए। ऋचा घोष ने चिपो मुगेरी-तिरिपानो और दीप्ति शर्मा ने मोडेस्टर मुपाचिक्वा का कैच छोड़ा।लेकिन फिर श्री चरणी ने मोर्चा संभाला। चरणी ने पहले मेडन ओवर डाला, फिर मुगेरी-तिरिपानो को LBW और मुपाचिक्वा को बोल्ड कर दिया। दीप्ति शर्मा ने शार्न मेयर्स को आउट कर स्कोर 70 पर 4 कर दिया।संकट में बिलव्ड बिजा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने न्याशा ग्वांजुरा के साथ 43 रन जोड़े और 62 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। मिशेल मावुंगा ने 23 गेंद पर 29 रन बनाकर तेजी लाने की कोशिश की, लेकिन चरणी ने उन्हें जिंतमणि कलिता के हाथों कैच करा दिया।इसके बाद जिम्बाब्वे की पारी बिखर गई। टीम ने 3 रन में 3 विकेट गंवा दिए। चरणी ने करियर का बेस्ट प्रदर्शन करते हुए 23 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि क्रांति गौड़ को 3 विकेट मिले।
प्रतीका-शेफाली ने मचाया धमाल -: 198 रन का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शुरू से ही हमला बोल दिया। प्रतीका रावल और स्मृति मंधाना ने पहले विकेट के लिए 94 रन जोड़े। मंधाना 32 रन बनाकर आउट हुईं।प्रतीका ने 54 गेंद में फिफ्टी पूरी की। 45 रन पर उन्हें जीवनदान भी मिला, जिसका उन्होंने पूरा फायदा उठाया। उन्होंने 96 गेंद पर नाबाद 100 रन बनाकर अपना तीसरा वनडे शतक ठोका।दूसरे छोर पर शेफाली वर्मा ने ताबड़तोड़ बैटिंग की। उन्होंने सिर्फ 33 गेंद पर नाबाद 64 रन ठोक दिए। 26वें ओवर में उन्होंने 3 छक्के जड़कर 20 रन बटोरे और 29 गेंद में फिफ्टी पूरी की। प्रतीका और शेफाली ने दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 70 गेंद में नाबाद 106 रन जोड़कर टीम को 137 गेंद बाकी रहते जीत दिला दी।
संक्षिप्त स्कोर : जिम्बाब्वे महिला 197 (49.5 ओवर) – बिलव्ड बिजा 62, श्री चरणी 4/23, क्रांति गौड़ 3/42भारत महिला 200/1 (27.1 ओवर) – प्रतीका रावल नाबाद 100, शेफाली वर्मा नाबाद 64, स्मृति मंधाना 32 – भारत 9 विकेट से जीता।








